सड़क हादसों में महिला समेत दो की मौत, दो घायल
सरायअकिल और चरवा इलाके में हुई घटना, परिजनों में मचा कोहराम
अमर उजाला ब्यूरो
नेवादा/चरवा(कौशाम्बी)। चरवा और सरायअकिल इलाके में बृहस्पतिवार को अलग-अलग सड़क हादसों में महिला समेत दो की मौत हो गई। वहीं साथ रहे दो अन्य लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा है।
करारी थाना क्षेत्र के म्योहर गांव निवासी अजय कुमार (40) पुत्र जय सिंह बुधवार की रात बेटी निकिता (20) को लेकर सरायअकिल एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहा था। बसुहार गांव के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अजय की मौके पर ही मौत हो गई जब कि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा देख आस-पास मौजूद लोग भागकर मौके पर पहुंचे और घटना की पुलिस को दी। इसी तरह चरवा के उदार पुर गांव की गीता देवी (45) पत्नी रामरूप बृहस्पतिवार की सुबह भतीजे छोटू के साथ बाइक से पुरैनी गांव जा रही थी। बताया जा है कि कूड़ापुर गांव के समीप सामने से आ रहा ट्रक बाइक से टकरा गया। हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर घटना स्थल पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों को घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
खड़े ट्रक के पीछे से भिड़ा ट्रक, चालक गंभीर
सिराथू(ब्यूरो)। सैनी कोतवाली के अटसराय चौराहे के समीप बृहस्पतिवार की सुबह कानपुर की ओर से आ रहा ट्रक सड़क के खडे़ ब्रस्ट ट्रक से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक मोहम्मद शरीफ (32) पुत्र बब्लू गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच सड़क हुए हादसे से वाहनों की लाइन लग गई। इस दौरान करीब एक घंटे यातायात बाधित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से किनारे किया। इसके बाद यातायात शुरू कराया गया।
दबंगों ने कुनबे को पीटकर किया अधमरा
पट्टे की जमीन पर बालू-गिट्टी गिराए जाने के विरोध में हुई थी कहासुनी, शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। कोतवाली के गोबरसहाई गांव में बृहस्पतिवार को दबंगों ने कुनबे को पीटते हुए अधमरा कर दिया। मारपीट में महिला समेत तीन लोगों को गंभीर चोटें आई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पट्टे की जमीन पर कब्जे को लेकर मारपीट हुई है।
मंझनपुर थाना क्षेत्र के गोबरसहाई गांव निवासी फूलकली पत्नी रामबाबू ने बताया कि उसके ससुर लल्लू को पट्टे की जमीन मिली थी। आरोप है गांव का एक परिवार पट्टे की जमीन पर कब्जे की नियत से गिट्टी बालू डंप करा दिया। बृहस्पतिवार को जानकारी होने पर लल्लू ने विरोध किया तो हमलावरों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। उधर, पिता को पिटता देख पितई के साथ फूलकली बीच-बचाव करने पहुंची तो हमलावरों ने तीनों को बेरहमी से पीटते हुए अधमरा कर दिया। मारपीट देख गांव के अन्य लोग भागकर मौके पर पहुंचे। बीच-बचाव करते हुए ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। गांव पहुंची पुलिस ने पीड़िता से तहरीर लेकर घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करा दिया है। दबंगों की पिटाई के बाद से पीड़ित परिवार सहमा हुआ है।