झोलाछाप ही निकला पत्नी का कातिल
दूसरी पत्नी से विवाद होने पर पहली को उतारा मौत के घाट, जलाया शव
पुलिस ने शव की पहचान कराने के साथ किया घटना का पर्दाफाश
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर।
सैनी के निहालपुर रोड के सामने गुरुवार सुबह खेत में मिली अधजली लाश झोला छाप डॉक्टर की पत्नी फूलमती की थी। डॉक्टर ने दो शादियां की थी। सौतन से पहली पत्नी का विवाद हुआ तो गुस्से में डॉक्टर ने उसका कत्ल कर दिया था। इसके बाद साथियों की मदद से शव ठिकाने लगाया था। सैनी पुलिस ने शव की शिनाख्त कराते हुए घटना का खुलासा कर दिया है। अब पुलिस आरोपी पति व उसके साथियों की तलाश कर रही है।
करारी के चकसैद अलीपुर की फूलमती (32) पुत्री नत्थू की शादी कोखराज के अंदावां निवासी रमेश पुत्र बचान के साथ हुई थी। रमेश झोलाछाप चिकित्सक है। फूलमती के गर्भवती नहीं होने पर रमेश ने टेंगाई की युवती के साथ दूसरी शादी कर ली थी। घर आते ही सौतन ने विवाद शुरू कर दिया। बुधवार शाम किसी बात को लेकर सौतन से फूलमती का विवाद हो गया। देर रात घर लौटे पति को सौतन ने आपबीती बताई। इसके बाद रमेश ने फूलमती के कत्ल का प्लान बना डाला। रात में पिटाई करते हुए गला दबाकर उसको मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद चारपहिया गाड़ी से शव निहालपुर गांव के समीप लाकर साथियों की मदद से जलाने के बाद भाग निकला। बृहस्पतिवार सुबह विवाहिता की अधजली लाश सड़क किनारे पड़ी मिली थी। जांच पड़ताल करते हुए पुलिस ने शुक्रवार रात विवाहिता के शव की पहचान करते हुए घटना के रहस्य का पर्दाफाश किया। एसओ योगेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि गर्भवती नहीं होने पर विवाहिता का कत्ल किया गया था। हत्यारोपियों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद से कातिल घर छोड़कर फरार है।
मृतका के हाथ में लिखा था भाई फूलचंद्र का नाम
करारी चक सैदअलीपुर गांव की फूलमती ने दाहिने हाथ में छोटे भाई फूलचंद्र का नाम लिखवा रखा था। फूलमती के दो भाई हैं भोला और फूलचंद्र। मुखबिर के जरिए पुलिस को सफलता मिली। जिस वक्त विवाहिता को पीटा जा रहा था उस समय गांव के कई लोग जाग रहे थे। दूसरे दिन गांव में फूलमती को न देख कानाफूसी शुरू हो गई थी।
प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती है सौतन
अंदावां गांव के रमेश कुमार की दूसरी बीबी गर्भवती है। उसे मंझनपुर के एक अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती कराय ा गया है। फूलमती की हत्या के दूसरे दिन प्रसव पीड़ा होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस पीड़िता से मिलने वालों पर कड़ी नजर रखे है। पुलिस हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए चौकसी बरत रही है।