करारी के जमदुआ गांव में सोमवार दोपहर सगे भाईयों का आशियाना धू-धूकर जल गया। जब तक लोग आग बुझाने का प्रयास करते दोनों घरों की गृहस्थी जलकर राख हो चुकी थी। घंटे भर की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद दमकल कर्मी गांव पहुंचे। इसे लेकर लोगों में जबरदस्त गुस्सा है।
करारी के जमदुआ निवासी हरीलाल और छेदीलाल सगे भाई हैं। सोमवार दोपहर अचानक हरीलाल के घर आग लग गई। आग की तपिश से घर वालों की नींद खुली तो वे शोर मचाते हुए घर के बाहर निकले। लपटों को देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। गांव के लोग दमकल कर्मियों को घटना की जानकारी देते हुए मौके पर पहुंचे।
गांव वाले जब तक आग बुझाने का प्रयास करते आग ने छेदीलाल के घर को भी अपनी जद में ले लिया। देखते ही देखते सगे भाईयों की गृहस्थी राख हो गई। घंटे भर की मशक्कत के बाद गांव के लोगों ने आग पर काबू पाया। आगजनी से पीड़ित परिवारों का लाखों का नुकसान हुआ है।
लपटों की भेंट चढ़ी सगे भाईयों की गृहस्थी
चूल्हे की चिंगारी से आशियाना जलकर हुआ राख
दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने बुझाई आग