फोटो नं. 5
20 हजार का इनामी पशु तस्कर गिरफ्तार
कोखराज पुलिस को रविवार रात मिली कामयाबी, भेजा गया जेल
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। कोखराज पुलिस ने रविवार रात 20 हजार के इनामी पशु तस्कर अरशद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के हटवा गांव का अरशद पुत्र अफजाल पशु तस्कर है। जिले की विभिन्न कोतवालियों में उसके खिलाफ गोवध और मवेशियों की तस्करी के करीब दस मामले दर्ज हैं। तीन महीने पहले कोखराज पुलिस ने तस्कर के खिलाफ गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की थी। साथ ही एसपी ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था। इसके बाद जिले भर की पुलिस तस्कर की तलाश कर रही थी। इसी बीच रविवार रात कोखराज इंस्पेक्टर राकेश सरोज को सूचना मिली कि अरशद इमामगंज चौराहे पर किसी साथी का इंतजार कर रहा है। इस पर फोर्स के साथ घेराबंदी करके उन्होंने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को एसपी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
-----
शातिर ने वकील से ठग लिए पांच लाख रुपये
रकम लेने के बाद नहीं किया भूमि का बैनामा, एसपी से शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। चरवा में रहने वाले एक वकील से शातिर ने करीब पांच लाख रुपये ठग लिए। रकम लेने के बाद उसने भूमि का बैनामा नहीं किया। पीड़ित ने सोमवार को एसपी से शिकायत करके कार्रवाई की मांग की है।
चरवा निवासी राजेंद्र मौर्य पेशे से वकील हैं। वह जिला कचहरी में प्रैक्टिस करते हैं। इन्होंने बताया कि करीब दो महीने पहले पूरामफ्ती इलाके के बिहका में रहने वाले एक व्यक्ति से जमीन का सौदा किया था। पांच लाख बयाने के तौर पर दे दिया था। शातिर ने दो चार दिन के भीतर बैनामा करने की बात कही थी। पीड़ित की मानें तो अभी तक जालसाज टरकाता रहा। अब रुपया मांगने पर जान से मार डालने की धमकी देता है। इससे अधिवक्ता के साथ ही परिवार भी सहमा हुआ है। एसपी प्रदीप गुप्ता ने चरवा इंस्पेक्टर को जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।