कौशाम्बी में किसान को पीटकर मार डाला
पूरामुफ्ती के बसेढ़ी गांव में बुधवार की दोपहर हुई घटना
भूमि विवाद में कहासुनी के बाद दो पक्षों में हुआ खूनी संघर्ष, पांच घायल
अधेड़ की हत्या के बाद परिजनों में कोहराम, हमलावर पिता-पुत्रों पर केस
अमर उजाला ब्यूरो
चायल/मनौरी(कौशाम्बी)।
पूरामुफ्ती के बसेढ़ी गांव में बुधवार की दोपहर दो परिवारों के बीच खूनी संघर्ष हुआ। हमले में अधेड़ को पीट मौत की घाट उतार दिया गया। वहीं दोनों पक्ष से पांच लोग लहूलुहान हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर पिता-पुत्रों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधेड़ की हत्या के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के बसेढ़ी गांव निवासी सूरजपाल(55) पुत्र छेदीलाल खेती-किसानी कर परिवार का गुजारा करता था। उसका पट्टीदार से जमीनी विवाद चल रहा था। बुधवार की दोपहर इसी खुन्नस में दोनों परिवार के लोग आमने-सामने हो गए। तीखी झड़प के बाद हुए खूनी संघर्ष में सूरजपाल की मौत हो गई। सिर में जोरदार प्रहार होने से वह मौके पर ढेर हो गया। वहीं मारपीट में सोनेलाल पुत्र सूरजपाल, राजकली पत्नी सोनेलाल, पुष्पा देवी, अंजली, ननकी पुत्री सूरजपाल के साथ दूसरे पक्ष से पप्पू पुत्र तिड़ीबाज, गुडिया लहूलुहान हो गई। वहीं खून से लथपथ सूरजपाल को तड़पता देख हमलावर भाग निकले। आनन-फानन गांव के लोग घायल सूरजपाल को अस्पताल लेकर भागे जहां उसकी मौत हो गई। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मृतक के बेटे सोने लाल की तहरीर पर तिडीबाज, रकेश और पप्पू के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी गांव छोड़कर फरार है।