व्यापारी के घर से सवा लाख की चोरी
सरायअकिल के हर्रायपुर गांव की घटना, जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
नेवादा (कौशाम्बी)। सरायअकिल के हर्रायपुर गांव में बेखौफ चोर व्यापारी का घर खंगाल ले गए। घर में घुसे चोरों ने नगदी समेत करीब सवा लाख की संपत्ति पार कर दिया। घटना की जानकारी पीड़ित परिवार को सुबह जगने के बाद हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के हर्रायपुर गांव निवासी रामलाल ने महिला रोड पर मकान बनवाकर उसी में खाद-बीज की दुकान चलाता है। इस मकान में परिवार भी रहता है। सोमवार को वह परिवार के साथ रामलीला देखने के लिए गया था। रात पड़ोसी की छत के सहारे दीवार फांदकर घर के भीतर घुसे चोरों ने आलमारी का ताला तोड़ 26 हजार रुपये नगदी के साथ सोने-चांदी के गहने, बर्तन, कपड़े आदि करीब सवा लाख का सामान उठा ले गए। घटना की जानकारी पीड़ित परिवार को सुबह हुई। पड़ोसी के घर चोरी की भनक लगते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद तहरीर लेकर घटना की तहकीकात शुरू कर दी है।
दिनेश की मौत का रहस्य बरकरार
पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप, एसपी ने सीओ चायल को जांच के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। चरवा के बलिकरनपुर गांव में शनिवार की सुबह हुई युवक की मौत का रहस्य उलझता जा रहा है। युवक के घर वाले बीमारी से मौत बता रहे हैं। वहीं पत्नी ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए सीओ चायल को जांच का निर्देश दिया है।
चरवा थाना क्षेत्र के बलिकरनपुर गांव निवासी दिनेश कुमार उर्फ टिल्ली की शनिवार की सुबह संदिग्ध दशा में मौत हो गई थी। घटना के दौरान पत्नी ममता देवी मायके परसरा गांव में थी। मृतक की पत्नी ममता का आरोप है कि संपत्ति की खातिर उसके पति की हत्या की गई है। हत्या करने के बाद बिना उसे सूचना दिए ही ससुराल वालों ने शव को जला दिया। शिकायत लेकर वह थाने पहुंची तो पुलिस ने भी उसकी एक नहीं सुनी। इलाकाई पुलिस से न्याय नहीं मिलता देख पीड़िता बुधवार को मंझनपुर पहुंची और मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। एसपी अशोक कुमार पांडेय ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए सीओ चायल को मामले की जांच करने का निर्देश दिया है।