कोखराज इलाके के रहने वाले 12 लोग बिजली चोरी में फंस गए हैं। सोमवार की रात अवर अभियंता की छापामारी ने इन लोगों के घरों में कटिया लगाकर बिजली चोरी होती मिली थी। इन सभी लोगों के खिलाफ अवर अभियंता ने कोखराज कोतवाली में बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। बिजली विभाग की इस कार्रवाई से दिनभर क्षेत्र के अन्य गांवाें में हड़कंप मचा हुआ है।
राजस्व वसूली के साथ ही बिजली विभाग की टीम इन दिनों बिजली चोरी रोकने की कवायद में जुटी है। सोमवार को भी भरवारी उपकेन्द्र के अवर अभियंता अरुण कुमार ने क्षेत्र के भदवां, गिरधरपुर, बालकमऊ, खोरांव, बिसारा, टीकरडीह आदि गांवों में दबिश दी। जेई ने बताया कि इस दौरान रमेश चंद्र, दिनेश कुमार, हीरालाल निवासी गिरधरपुर, अब्बास निवासी खोरांव, शैलेन्द्र कुमार, द्वारिका प्रसाद, लालता प्रसाद, शिव प्रसाद निवासी भदवां, विजय शंकर तिवारी, संजय कुमार निवासी बिसारा और राधाराम निवासी टीकरडीह के यहां कटिया लगाकर बिजली चोरी होती मिली।
अवर अभियंता ने बताया कि ये सभी लोग बड़े बकाएदार हैं। बिल भुगतान नहीं करने पर इनके घर का बिजली कनेक्शन पिछले महीने काट दिया गया था। पर, बिल भुगतान करने के बजाय ये सभी लोग कटिया लगाकर चोरी से बिजली जलाने लगे थे। अवर अभियंता ने कटिया का तार कब्जे में करते हुए इन सभी के खिलाफ कोखराज कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। उधर, क्षेत्र में हुई बिजली विभाग की इस छापामारी से आस-पास के अन्य गांव में भी हड़कंप मचा हुआ है।