नगर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर बसोहरा गांव में करीब 22 दिन पहले पिटाई से घायल हुए बालक की शुक्रवार सुबह मौत हो गई। घटना से गुस्साए परिजन व ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कोतवाली के सामने चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे बाद पुलिस किसी तरह जाम हटवाकर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी।
रामपुर बसोहरा निवासी बेनीप्रसाद ने बताया कि उसका बेटा राहुल (12) छह सितंबर को गांव के बाहर शौच के लिए गया था। तभी पड़ोसी रिजवान, सहबान, सुबराती व एक अन्य ने उसकी पिटाई कर दी थी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाहाबाद के निजी अस्पताल में शुक्रवार सुबह पिटाई से घायल राहुल की सांसें थम गईं। मौत की खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शहर कोतवाली के सामने शव रखकर जाम लगा दिया। वह आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। हंगामे की भनक लगते ही सीओ सिटी एसएन पाठक मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने करीब दो घंटे बाद समझाबुझाकर लोगों को शांत कराया। इसके बाद मृतक की लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजी गई। इससे पहले भरवारी-मंझनपुर मार्ग पर जाम के चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। घटना को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
आरोपियों के खिलाफ एससीएसटी सहित विभिन्न धाराओं में पहले से ही केस दर्ज है। सभी आरोपी नाबालिग हैं। पूर्व में दर्ज की गई धाराओं को गैरइरादतन हत्या में तरमीम किया जाएगा। जल्द ही आरोपियों को पकड़कर जेल भेजा जाएगा।
प्रदीप गुप्ता- एसपी