चायल। तिल्हापुर मोड़ बाजार में गुरुवार रात चोरों ने नकब लगाकर एक किराना कारोबारी के घर से नगदी, गहने सहित लाखों का माल पार कर दिया। घटना की जानकारी गृहस्वामी को सुबह हुई। अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
पिपरी कोतवाली क्षेत्र के तिल्हापुर मोड़ बाजार निवासी प्रदीप केसरवानी पुत्र विजय बहादुर किराने का थोक कारोबारी है। उसने अपने घर में ही दुकान भी खोल रखी है। गुरुवार रात वह और परिवार के सदस्य एक कार्यक्रम में शामिल होने भरवारी गए थे। इस दौरान पीछे की दीवार से सेंध लगाकर घर से चोर करीब दस तोला सोने के जेवर और करीब दो लाख रुपये उठा ले गए। सुबह घर लौटने पर गृहस्वामी को घटना की जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए। पिपरी इंस्पेक्टर रामआसरे सरोज का कहना है कि चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।