सदर तहसील के नगर पंचायत पूरब पश्चिम शरीरा के अवंतीबाई नगर (लोधन का पूरा) में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से चचेरे भाई बहन की मौत हो गई थी। बुधवार को दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। अवंती बाई नगर (लोधन का पूरा) में खेत में धान की रोपाई करते समय आकाशीय बिजली की चपेट में आने से खेत मे काम कर रहे सदाशिव के बेटे शिवकांत (12) व भतीजी रानी देवी (19) की मौके पर ही मौत हो गई थी।
हादसे में 17 महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गई थीं जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। दोनों का शवों को मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। अंतिम संस्कार बुधवार को शिवकांत को पिता सदाशिव व रानी देवी को भाई कैलाश प्रसाद ने किया। सदर एसडीएम आकाश सिंह ने बताया कि फाइल तैयार कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, बस आ जाए तो पीड़ित परिवार को मुआवजा दे दिया जाएगा।