Kaushambi : आग का गोला बनी बोलेरो।
- फोटो : Kaushambi
नवनिर्मित ओवरब्रिज पर मंगलवार की देर रात सगाई समारोह से लौट रही एक बोलेरो आग का गोला बन गई। धू-धूकर जलती बोलेरो देख मौके पर हड़कंप मच गया। आनन फानन बोलेरो सवार सभी आठ लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
फतेहपुर जनपद के डेडाशही निवासी महेश कुमार मंगलवार को अपने गांव से कुछ लोगों को लेकर प्रेम नगर (खागा) में आयोजित एक सगाई समारोह में गया था। रात करीब दस बजे वह अपनी बोलेरो में चार महिलाएं और तीन पुरुषों को बैठाकर सिराथू के रास्ते घर लौट रहा था।
रास्ते मे सिराथू कस्बा स्थित नवनिर्मित ओवरब्रिज पर पहुंचते ही बोलेरो में अचानक आग लग गई। धू-धू कर जल रही बोलेरो पर जब लोगों की नजर पड़ी तो हड़कंप मच गया। हादसा देख जुटे स्थानीय लोगों ने सक्रियता से बोलेरो सवार सभी लोगों को सकुशल बाहर निकला। सूचना स्थानीय फायर स्टेशन को दी गई, लेकिन सूचना के 40 मिनट बाद भी मौके पर कोई नहीं पहुंचा। इस दौरान पूरी गाड़ी धू-धू कर जल कर राख हो गई।