Mother adorned in the form of Kalratri, devotees gathered for darshan
- फोटो : KAUSHAMBI
शारदीय नवरात्र की सप्तमी पर मंगलवार को शक्तिपीठ कड़ा धाम स्थित मां के दरबार में भक्तों का तांता लगा रहा। यहां नवरात्र मेले में हर रोज श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। भक्त मां की पूजा-अराधना कर निहाल हो रहे हैं। इसके अलावा कस्बों, बाजारों में भी देवी मंदिरों, पंडालों में भक्तों की भीड़ जुटी रही।
शीतला धाम कड़ा में गैर प्रांतों एवं जिले के श्रद्धालु भोर में गंगा स्नान कर मां का जयकारा लगाते हुए मंदिर पहुंचे। श्रद्धालु मंदिर के प्रवेश द्वार पर दर्शन पूजन के लिए खड़े हो गए।
मंगला आरती के बाद मंदिर के कपाट खुलते ही लाइन में खड़े श्रद्धालु मां के दर्शन पूजन के लिए गर्भगृह में पहुंचे। मां शीतला की एक झलक पाते ही श्रद्धालु निहाल हो गए। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को व्यवस्था बनाने में मशक्कत करनी पड़ी।
धाम में बीते तीन दिनों से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होने से माला-फूल, प्रसाद की दुकानों पर भीड़ बनी हुई है। इसी तरह मंझनपुर स्थित दुर्गा मंदिर, पश्चिमशरीरा की झारखंडी देवी, अढ़ौली स्थित आनंदी माता के दरबार में भक्तों का तांता लगा रहा। कस्बों, बाजारों एवं ग्रामीण इलाकों में सजाए गए पूजा पंडालों में भी भक्तों ने मां की आराधना की। देर रात तक पंडालों में भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा।