बालू से ओवरलोड डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
-पिपरी कोतवाली के मनौरी बाजार में रेलवे पुल पर बुधवार रात हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
नेवादा। पिपरी कोतवाली के मनौरी बाजार में रेलवे पुल पर बालू से ओवरलोड डंपर ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से जख्मी बाइक सवार की अस्पताल में मौत हो गई। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक डंपर छोड़ कर भाग निकला।
पूरामुफ्ती क्षेत्र टिकरी उपरहार (सबदरगंज) निवासी धर्मेंद्र सिंह यादव (28) किसान थे। बुधवार रात किसी काम के सिलसिले में बाइक से मनौरी बाजार गए थे। रात करीब आठ बजे मनौरी बाजार स्थित पुल पर सामने से आ रहे डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे एसआरएन प्रयागराज रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान बृहस्पतिवार की भोर उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से पीड़ित परिवार की रो-रोकर हालत खराब है। पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।