कोतवाली क्षेत्र के कृष्णा डोली गांव के पास सोमवार शाम मवेशी से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि बाइक पर पीछे बैठे दो युवक घायल हो गए। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोखराज कोतवाली के भरवारी कस्बा निवासी साहब लाल (42), रामचंद्र (40) और दीपक प्रजापति (38) मिस्त्री हैं। तीनों लोग इन दिनों चरवा के जुगवा गांव निवासी धारा सिंह के नव निर्मित भवन में पीओपी का काम कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि रोजाना की तरह सोमवार शाम तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। रास्ते में कृष्णा डोली गांव के समीप उनकी बाइक के सामने अचानक मवेशी आ गया। इससे इनकी बाइक अनियंत्रित होकर मवेशी से टकरा गई। जोरदार टक्कर लगने से बाइक सवार तीनों लोग घायल हो गए।
हादसा देख आसपास रहे लोग मौके पर पहुंचे। आननफानन तीनों को उठाकर सड़क किनारे किया और सूचना पुलिस व एंबुलेंस को दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में देखते ही डॉक्टरों ने साहब लाल को मृत घोषित कर दिया। मौत की पुष्टि होते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर युवक की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे में घायल वृद्ध की अस्पताल में मौत
कोतवाली क्षेत्र में अलीपुरजीता गांव के समीप रविवार को दो बाइकों में आमने-सामने की भिडंत में घायल बुजुर्ग की सोमवार सुबह इलाज के दौरान एसआरएन अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कड़ाधाम कोतवाली के अंबाई बुजुर्ग गांव निवासी शिवदेव सिंह (62) रविवार को अपने बेटे दीपू के साथ बाइक से सुल्तानपुर घोष जा रहा था। रास्ते में अलीपुरजीता गांव के समीप इमाम अली के चक मोड़ की ओर से आ रहे अलीपुरजीता चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल अशोक कुमार की बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई।
हादसे में हेड कांस्टेबल समेत तीनों लोग घायल हो गए थे। आसपास मौजूद लोगों ने एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए तीनों को सीएचसी कड़ा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत में शिवदेव सिंह को जिला अस्पताल भेज दिया था। हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उसे एसआरएन अस्पताल प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया था। इलाज के दौरान सोमवार सुबह एसआरएन में वृद्ध की मौत हो गई। बुजुर्ग के मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।