सरायअकिल कोतवाली के मल्हीपुर गांव में बुधवार रात पुरानी रंजिश में दबंगों ने एक युवक को बेरहमी से मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। आरोप है कि उसके ऊपर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने की कोशिश भी की गई।
परिजनों व पड़ोसियों के बीचबचाव के बाद युवक की जान बच सकी। पीड़ित ने थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर लेकर घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है।
मल्हीपुर गांव निवासी अंसार ने बताया बुधवार रात वह अपने परिवार के लोगों के साथ घर पर मौजूद था। इस दौरान वहां गांव के ही आधा दर्जन लोग पुरानी रंजिश को लेकर पहुंचे और गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर दबंगों ने उसे लाठी-डंडे से जमकर पीटा।
इसके बाद दबंग उसे सड़क पर पांच सौ मीटर तक घसीटते हुए लेकर गए। यहां उसके शरीर में पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। शोरगुल पर पहुंचे परिजन व मोहल्ले के लोगों ने बीचबचाव कर मामला शांत कराया। घटना की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।