एंबुलेंस चालक-परिचालक को पीटकर उपकरण उठा ले गए बदमाश
पिपरी कोतवाली के गोविंदपुर कुंदन गांव में शनिवार रात हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
नेवादा। पिपरी कोतवाली के गोविंदपुर कुंदन गांव में शनिवार रात एंबुलेंस सेवा के चालक एवं परिचालक की पिटाई कर बदमाश उपकरण छीन लिए गए। पिटाई से जख्मी घायलों ने कोतवाली पहुंचकर घटना की तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महेवाघाट कोतवाली के सरसवां निवासी घनश्याम प्रयागराज के भगवतपुर ब्लाॅक क्षेत्र में 108 एंबुलेंस सेवा में टेक्नीशियन है। बताया कि शनिवार रात कंट्रोल रूम से उन्हें एक नंबर मिला। उस नंबर पर फोन करने वाले ने अपना नाम संजय बताया। उसके बताए पते पर वह पिपरी कोतवाली के गोविंदपुर कुंदनपुर गांव पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद पांच लोगों ने गली गलौज करते हुए उन्हें और एंबुलेंस चालक दिलीप यादव निवासी कुंडा, प्रतापगढ़ की पिटाई कर दी। आरोप है कि आरोपी हमलावर एंबुलेंस से ब्लड प्रेशर मशीन, पल्स मापक मशीन समेत अन्य सभी दस्तावेज उठा ले गए। पीड़ितों ने कोतवाली पहुंचकर घटना की तहरीर दी। एसओ बलराम सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है, जल्द ही आरोपियों का पता लगा कर कार्रवाई की जाएगी।
-
बीएसएनएल टावर से बैट्री चोरी
नेवादा। पिपरी कोतवाली के नूरपुर हाजीपुर गांव में बीएसएनएल का टावर लगा है। एरिया मैनेजर सत्येंद्र सिंह ने बताया कि रात को उन्हें टावर में चोरी होने की जानकारी अलार्म के जरिए हुई। जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चोर वहां लगी 24 बैट्री ले जा चुके थे। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है। संवाद
-
युवक ने पत्नी को पीटा, शिकायत
नेवादा। मायके से पैसा नहीं लाने पर युवक ने अपनी पत्नी को पीट दिया। चरवा कोतवाली के मलाक नागर गांव की उर्मिला देवी पत्नी जवाहर लाल का आरोप है कि पति कोई काम नहीं करता है। वह खुद मजदूरी कर अपने तीन छोटे बच्चों का भरण-पोषण करती है। रविवार सुबह वह मजदूरी करने जा रही थी। इसी दौरान पति उससे मायके से पैसे लाने की जिद करने लगा। आरोप है कि विरोध करने पर पति ने उसकी पिटाई कर दी। पीड़िता ने थाने जाकर आरोपी पति के खिलाफ मामले की तहरीर दे दी है। संवाद