मनचले की हरकत से परेशान छात्रा ने छोड़ा स्कूल, केस दर्ज
- उलाहना देने पर छात्रा के भाई को दी जान से मारने की धमकी
संवाद न्यूज एजेंसी
करारी। क्षेत्र के एक गांव के मनचले की हरकत से कक्षा दस की छात्रा व उसके परिजन काफी परेशान हैं। परेशान छात्रा ने स्कूल छोड़ा तो उसे फोन पर आरोपी जबरन अपने साथ रखने की धमकी दे रहा है। उलाहना देने पर छात्रा के भाई को भी तमंचा सटाकर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित छात्रा के पिता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
करारी इलाके के एक गांव की किशोरी नजदीकी इंटर कॉलेज में पढ़ती है। छात्रा के पिता ने बताया कि बेटी पढ़ने जाती है तो गांव का मनोज कुमार हेला उसके साथ छेड़छाड़ करता है। छात्रा ने लोकलाज के कारण परिजनों को नहीं बताया। मनोज की हरकत से तंग आकर छात्रा ने स्कूल जाने के बजाय घर पर ही पढ़ाई कर कक्षा दस की परीक्षा पास कर ली। छात्रा के पिता का कहना है कि मनोज अब फोन पर उसकी बेटी से अश्लील बात कर जबरन साथ रखने की धमकी देता है। छात्रा के भाई को पता चला तो शनिवार की शाम आरोपी के घर उलाहना देने गया। आरोप है कि मनोज ने उसे भी तमंचा सटाकर छात्रा को जबरन साथ रखने की धमकी दी। रविवार को पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी मनोज के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
-
तीन बकरी व एक बकरा खोल ले गए चोर
करारी। बजहा खुर्रमपुर गांव बड़े लाल सरोज की शनिवार की रात दरवाजे पर बंधी तीन बकरी व एक बकरा चोर खोल ले गए। सुबह जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस जांच कर रही है। संवाद