पहलवान राम किशुन उर्फ अर्जुन तिवारी।
- फोटो : अमर उजाला।
पहलवान रामकिशुन कजाकिस्तान की धरती पर कौशाम्बी की माटी का दम दिखाएंगे। वर्ल्ड नोमाड गेम्स रेसलिंग चैंपियनशिप 2024 के लिए क्वालीफाई हुए पहलवान रामकिशुन अब कजाकिस्तान में अपनी कुश्ती कला प्रदर्शन करेंगे। रामकिशुन की इस उपलब्धि से केपीएल परिवार के साथ ही जिले के युवाओं में खुशी है। सोशल मीडिया पर उन्हें बधाइयां देने वालों का ताता लगा हुआ है।
सिराथू तहसील के बम्हरौली निवासी पहलवान रामकिशुन उर्फ अर्जुन तिवारी पिछले 15 वर्षों से अखाड़े में कुस्ती कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। अब तक उन्होंने 12 सौ से अधिक कुस्तियां लड़ चुके हैं। खास बात ये है कि अखाड़े में वह अब तक एक भी बार चित नहीं हुए हैं। इस दौरान वह 15 बार मंडल स्तर पर, पांच बार प्रदेश स्तर पर और दो मर्तबा राष्ट्रीय स्तर पर चैंपियन रह चुके हैं। गांव की मिट्टी और खेतों में ही वर्जिस कर इस मुकाम तक पहुंचे रामकिशुन जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गए हैं।
दो अगस्त को हरियाणा के बहादुरगढ़ में आयोजित वर्ल्ड नोमाड गेम्स रेसलिंग चैंपियनशिप 2024 के लिए हुए ट्रायल को रामकिशुन ने क्वालीफाई कर लिया। अब वह 7 सितंबर को कजाकिस्तान में आयोजित प्रतियोगिता में अपनी कुश्ती कला प्रदर्शन करेंगे। रामकिशन की इस उपलब्धि से परिवार समेत प्रशंसकों में खुशी की लहर है। सोशल मीडिया पर रामकिशन को बधाइयां देने वालों का ताता लगा हुआ है।