सिराथू। सैनी कोतवाली के अटसरांय चौराहे के समीप हाईवे किनारे खड़े ट्रक से बृहस्पतिवार की रात तिरपाल फाड़कर चोरों ने 50 पेटी बीयर पार कर दी।
प्रयागराज के मुठ्ठीगंज निवासी ट्रक चालक राजेश कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार रात वह अलीगढ़ से बीयर लादकर प्रयागराज जा रहा था। रात करीब एक बजे नींद लगने पर अटसरांय के समीप स्थित एक ढाबे के पास ट्रक खड़ी कर दी और गाड़ी के अंदर ही सो गया।
चार बजे भोर में नींद खुलने पर लघु शंका करने उठा तो ट्रक का फटा तिरपाल देखकर दंग रह गया। गाड़ी के ऊपर चढ़कर देखा तो 50 पेटी बीयर गायब थी। सूचना के बाद आई डायल-112 पुलिस ने मौका मुआयना के बाद जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। ट्रक चालक ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस के साथ ही ट्रांसपोर्टर को दे दी गई है।