सिराथू। कड़ाधाम कोतवाली के घड़ियालीपुर निवासी शटरिंग मिस्त्री का शव मंगलवार सुबह अलावलपुर टिकरी गांव स्थित तालाब में उतराता हुआ मिला। परिजनों ने बताया मिस्त्री रविवार से लापता था उसकी खोजबीन की जा रही थी। सूचना पर सीओ सिराथू योगेंद्र कृष्ण नरायण सिंह ने स्थानीय पुलिस के साथ मौका-मुआयना किया। पुलिस ने हादसा मानकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, मृतक की मां ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
घड़ियालीपुर गांव निवासी चंद्ररूप (35) शटरिंग मिस्त्री था। चंद्ररूप की मां धुरिया देवी के मुताबिक रविवार से उसका बेटा अचानक से लापता हो गया। परिवार के लोगों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। मंगलवार को पता चला कि चंद्ररूप का शव अलावलपुर टिकरी गांव स्थित तालाब में उतरा रहा है। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम है। परिजनों की सूचना पर सीओ सिराथू व कड़ाधाम कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में चंद्ररूप की मां धुरिया देवी ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
आखिर छह किलोमीटर दूर कैसे मिली लाश
सिराथू। पुलिस फिलहाल चंद्ररूप की मौत को हादसा मान रही है, लेकिन पुलिस के पास इस बात का जवाब नहीं है कि घड़ियालीपुर से अलावलपुर टिकरी गांव की दूरी छह किलोमीटर है। ऐसे में इतनी दूर चंद्ररूप कैसे पहुंचा। परिवार के लोग भी कुछ नहीं बता पा रहे हैं।
दो बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
सिराथू। चंद्ररूप के एक बेटा व एक बेटी हैं। पांच साल पहले सर्पदंश से उसकी पत्नी सुमन की मौत हो गई थी। शटरिंग का काम करके वह बच्चों की परवरिश करता था। अब उसकी भी मौत हो गई। ऐसे में दोनों बच्चों की परवरिश का जिम्मा चंद्ररूप की बूढ़ी मां धुरिया देवी पर आ गया है।
चंद्ररूप की मौत को लेकर सस्पेंस है। शरीर पर कहीं चोट के निशान नहीं हैं। मृतक की मां ने हत्या की आशंका जाहिर की है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा। -योगेंद्र कृष्ण नरायण सिंह, सीओ सिराथू