जिलाधिकारी सुजीत कुमार ने सोमवार को कलक्ट्रेट के उदयन सभागार में जिला उद्योग बंधु के साथ बैठक की। बैठक में डीएम ने उद्यमियों की समस्याएं सुनीं और उनके तत्काल निस्तारण के लिए अफसरों को निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त उद्योग ने बताया कि निवेश मित्र पोर्टल पर एक माह में कुल 307 प्रकरण आए हैं। इनमें से 18 प्रकरण विभिन्न विभागों के स्तर पर लंबित हैं। जिसमें से प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सात, कृषि विभाग के तीन, पॉवर कारपोरेशन का एक, एक्साइज का एक एवं खाद्य व औषधि विभाग के छह प्रकरण शामिल हैं।
इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों के शीघ्र निस्तारण का निर्देश दिया। उपायुक्त उद्योग यह भी बताया कि पीएमईजीपी योजना के तहत 42 लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 18 आवेदन बैंकों ने स्वीकृत किए हैं। नए औद्योगिक क्षेत्र को विकसित करने के बाबत बताया गया कि गौसपुर टिकरी व भेलखा में भूमि चिह्नित की गई।
कारोबारियों ने बताई समस्या
जिलाधिकारी सुजीत कुमार से मनौरी के व्यापारियों के पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की। इस पर डीएम ने एसडीएम को भूमि चिह्नित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही डीएम ने अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी को मनौरी रेलवे फ्लाईओवर के ऊपर खराब लाइटों को ठीक कराने को कहा।
नगर पंचायत पश्चिमशरीरा पूरबशरीरा के व्यापारियों ने रेहड़ी दुकानदारों के लिए भूमि चिह्नित करने की मांग की। डीएम ने ईओ को जमीन चिह्नित करने को कहा। व्यापारी रमेश अग्रहरि ने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया कि प्रत्येक माह सभी थानों में कारोबारियों के साथ बैठक हो, जिससे व्यापारियों की समस्या का निदान हो सके। इस पर एसपी हेमराज मीना ने बैठक कराने का आश्वासन दिया। पुलिस अधीक्षक ने सभी व्यापारियों से कहा कि अतिक्रमण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करें। इस दौरान एएसपी समर बहादुर, प्रवेश केसरवारी, अरविंद केसरवानी, दुर्गेश गुप्ता, संजय जायसवाल, अंशुल केसरवानी आदि कारोबारी मौजूद रहे।