3 staff met absent in the inspection of dm
- फोटो : KAUSHAMBI
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बुधवार को नगर पालिका परिषद मंझनपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान तीन सफाई कर्मी गैरहाजिर मिले। जिनके वेतन कटौती के साथ ही स्पष्टीकरण तलब करने का निर्देश दिया। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए बनाई गई हेल्प डेस्क का रजिस्टर व्यवस्थित नहीं होने पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। निरीक्षण अभियान को जारी रखते हुए बुधवार को डीएम नगर पालिका परिषद मंझनपुर के दफ्तर पहुंचे। डीएम के पहुंचते ही कार्यालय में हड़कंप मच गया। आननफानन व्यवस्था दुरुस्त की जाने लगी। जांच के दौरान सफाई व्यवस्था में तैनात तीन कर्मी ड्यूटी के नदारद दिखे। नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन काटने के साथ ही स्पष्टीकरण तलब करने का निर्देश दिया।
संक्रमण काल में सुरक्षा की दृष्टि से बनाई गई कोविड हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली भी जांची। रजिस्टर में आगंतुक जनता का नाम पता व मोबाइल नंबर सही तरीके से अंकित नहीं किया गया था। डीएम ने कार्यालय कर्मियों को फटकार लगाते हुए रजिस्टर दुरुस्त करने का निर्देश दिया। डीएम ने संयुक्त जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड ़ पहुंचकर व्यवस्था देखी। अस्पताल में डॉ. आशुतोष सिंह ड्यूटी से गैरहाजिर मिले। जिस पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए सीएमएस डॉ. दीपक सेठ को कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस मौके पर उन्होंने सीएमओ, सीएमएस व अस्पताल के पैरामेडिकल स्टाफ के साथ बैठक की। बैठक में डीएम ने चिकित्सकों को कोरोना मरीजों को हर संभव सुविधा मुहैया कराने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने अस्पताल कर्मियों को बताया कि वह कोरोना से डरे नहीं। मरीजों का सही और समय पर उपचार करें। अस्पताल परिसर में साफ सफाई का विशेष ध्यान दिए जाने पर जोर दिया।