मंझनपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद स्नातक व शिक्षक सदस्य के निर्वाचन की तैयारी प्रशासन ने पूरी कर ली है। एक दिसंबर को होने वाले मतदान के लिए जिले में 12 केंद्र व 17 बूथ बनाए गए हैं। हर बूथ पर पीठासीन सहित चार कर्मचारियों को नियुक्त किया गया है।
अपर जिलाधिकारी मनोज ने बताया कि इलाहाबाद-झांसी के द्विवार्षिक निर्वाचन 2020 के लिए एक दिसंबर को मतदान होगा। जिसमें उत्तर प्रदेश विधान परिषद खंड 06 स्नातक व 05 खंड शिक्षक के लिए वोट डाले जाएंगे। मतदान के लिए 12 केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि निर्वाचन क्षेत्र में मतदान करने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य के सभी कर्मचारी जो विश्वविद्यालय से स्नातक हैं और जो मतदाता हैं वह मतदान के लिए एक दिसंबर को अवकाश ले सकते हैं।
इन विकल्पों के साथ होगा मतदान
मंझनपुर (संवाद)। विधान परिषद चुनाव में वोट डालने के लिए फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ ले जाना अनिवार्य है। इसके लिए मतदाता के पास आधार कार्ड, ड्राइविंग लइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट, सरकारी कर्मचारियों का विभाग की ओर से जारी पहचान पत्र, सांसद, विधायक व विधान परिषद सदस्यों को जारी आधिकारिक पहचान पत्र, सक्षम अधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाण पत्र में से कोई दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा।
मतदान कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण
मंझनपुर। जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह की अध्यक्षता में विधान परिषद चुनाव के निर्वाचन में जुड़े कर्मियों का मंगलवार को कलक्ट्रेट में प्रशिक्षण हुआ। जिसमें मतदानकर्मी, पीठासीन अधिकारी, प्रथम मतदान अधिकारी, माइक्रो आब्जर्वर को चुनाव की बारीकियों से रूबरू कराया गया। डीएम ने मतदान के दिन सभी कर्मचारियों को कोविड नियमों का पालन करने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज, डीडीओ विजय कुमार, सहायक प्रभारी अधिकारी प्रशिक्षण राकेश सिंह, विकास पांडेय आदि लोग मौजूद रहे।