फोटो10-कासगंज में पोस्टमार्टम गृह पर बैठे मृतक शिवम माहेश्वरी के परिजन । संवाद
कासगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र की गंगेश्वर कॉलोनी में एक युवक ने पिता की डांट से नाराज होकर खौफनाक कदम उठा लिया। नशे की हालत में घर लौटने पर पिता के डांटने से नाराज युवक ने कमरे में रोशनदान से साड़ी बांधकर फंदा लगा लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।
गंगेश्वर कॉलोनी निवासी शिवम माहेश्वरी (32) पुत्र मुकेश माहेश्वरी मंगलवार की देर रात नशे का सेवन कर घर पहुंचा था। बेटे को नशे में देख पिता ने उसे डांट लगा दी। इस बात से आहत होकर शिवम अपने कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर रोशनदान से साड़ी का फंदा बनाकर लटक गया।
कुछ देर बाद जब परिजन की नजर उस पर पड़ी, तो उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में परिजन उसे फंदे से नीचे उतारकर तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और परिजन तथा आसपास के लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की। सदर की क्षेत्राधिकारी (सीओ) आंचल चौहान ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में पूछताछ की जा रही है।
फोटो10-कासगंज में पोस्टमार्टम गृह पर बैठे मृतक शिवम माहेश्वरी के परिजन । संवाद