उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में पटियाली के अशोकपुर के निकट बोलेरो एवं ऑटो की भिडंत में मृतक ऑटो चालक के परिवार में शादी समारोह की चल रहीं तैयारियां मातम में बदल गईं। ऑटो चालक सरनाम की 11 मई को शादी होनी थी। शादी की तिथि नजदीक आ जाने से परिवार में जोर-शोर से तैयारियां चल रही थीं। दरवाजे पर दुल्हन की डोली आनी थी, लेकिन बेटे की अर्थी उठी तो हर आंख नम हो गई।
इलाहाबाद से तय हुई थी शादी
ऑटो चालक सरनाम निवासी रायपुर कायमगंज फर्रुखाबाद अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। परिजन ने इलाहाबाद से उसकी शादी तय कर दी। 11 मई को बरात जानी थी। शादी में एक सप्ताह का ही समय रह जाने पर परिवार में हंसी खुशी का माहौल था। दुल्हन के स्वागत को लेकर तैयारियां चल रही थी। शादी के लिए आवश्यक सामान की खरीदारी भी शुरू कर दी गई, लेकिन एक हादसे ने सब कुछ बदल दिया।
घर में पसर गया मातम
घर में खुशी का माहौल था वहां गम और मातम पसर गया। उसकी मां बीना देवी पोस्टमार्टम गृह पर पहुंची। वह बार-बार यही कह रही थी कि यदि उसे पता होता कि मेरा बेटा ऑटो लेकर जाने के बाद लौटकर नहीं आएगा तो उसे हरगिज जाने नहीं देती।