30 जून से 4 जुलाई तक बदला समय, 7:30 से 12:30 बजे तक चलेंगी कक्षाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
कासगंज। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए परिषदीय विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव किया गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों की मांग और मौजूदा मौसम परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए 30 जून से 4 जुलाई तक स्कूलों का समय संशोधित किया है।
नए आदेश के अनुसार अब परिषदीय विद्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगे। पहले स्कूलों का समय अधिक लंबा था, लेकिन बढ़ते तापमान और लू के खतरे को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। जिले में कुल 1263 परिषदीय विद्यालय संचालित हो रहे हैं, जिनमें हजारों छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। गर्मी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रभाव को देखते हुए यह कदम राहत भरा माना जा रहा है।
शिक्षा विभाग का कहना है कि बदलते मौसम में बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है। इसलिए समय में कटौती कर उन्हें भीषण धूप से बचाने की कोशिश की गई है। सुबह के समय पढ़ाई कराने से न केवल बच्चों को राहत मिलेगी, बल्कि शिक्षण कार्य भी बेहतर ढंग से हो सकेगा।
बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास कुमार सिंह ने बताया कि गर्मी की अधिकता को देखते हुए विद्यालय के समय में अस्थाई बदलाव किया गया है।
रिपोर्ट मनोज माहेश्वरी