पुखरायां। इस्लामाबाद के पास हाईवे किनारे झोपड़ी बनाकर रह रहे युवक को भूमि विवाद में गुरुवार को कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से पीट दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को लेकर जिला चिकित्सालय पहुंची जहां चिकित्सक ने उसको मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत से नाराज परिजनों व अन्य लोगों ने झांसी कानपुर हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम और सीओ ने परिजनों से वार्ता कर जाम हटवाया। मामले में पांच नामजद समेत 10 लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई। जाम के चलते हाईवे पर दो घंटे तक आवागमन ठप रहा।
इस्लामाबाद के पास झांसी-कानुपर हाईवे के किनारे सरकारी भूमि पर झोपड़ी बनाकर राहुल नट (30) अपनी मां मुन्नी देवी व परिजनों के साथ कई वर्षों से रह रहा था। राहुल की मां मुन्नी देवी के अनुसार कुछ दिन पहले फकीराबाद निवासी अनीश उर्फ भूरा ने उसकी झोपड़ी के पीछे प्लाट खरीदा था। अनीश अपनी भूमि पर निर्माण शुरू कराने के साथ राहुल से झोपड़ी हटाने का दबाव बना रहा था।
इस पर मंगलवार को राहुल व अनीश के बीच मारपीट हो गई थी। मामले में राहुल ने इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में कार्रवाई कर अपना पल्ला झाड़ लिया था। गुरुवार की भोर में अनीश की पत्नी ने राहुल पर दीवार गिराने का आरोप लगाया। इस पर विवाद होने लगा। इसी बीच अनीश के पक्ष से कई लोग आ गए और बेटे राहुल पर ईंट, लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
इससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस उसे जिला अस्पताल ले गई जहां डॉक्टर ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। राहुल की मौत के बाद परिजनों व नट समाज के लोगों ने कानपुर झांसी हाईवे पर जाम लगा दिया। वहीं, जानकारी पर एसडीएम अजय कुमार राय, सीओ प्रभात कुमार, कोतवाल राजेश कुमार सिंह, कस्बा चौकी इंचार्ज विकल्प चतुर्वेदी, भोगनीपुर, सट्टी थाना और देवराहट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची।
अधिकारियों ने राहुल के परिजनों से वार्ता की तो उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। एसडीएम के निर्देश पर अनीस उर्फ भूरा, दानिश, रहीश, एहसान सिद्दीकी, आमिर समेत 10 लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई। इसके बाद परिजनों ने जाम खोला। इससे दो घंटे तक हाईवे पर आवागमन थमा रहा।
वहीं फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य एकत्रित किए। कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पांच नामजद समेत 10 लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। जिनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।