बिल्हौर। क्षेत्र के गदनपुर चोरसा गांव में रामलीला में श्रीराम का अभिनय करने वाले एक अभिनेता ने आर्थिक तंगी के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर ही शव का अंतिम संस्कार गंगा तट पर कर दिया।
दरोगा विजय कुमार ने बताया कि परिजनों ने घटना की कोई जानकारी नहीं दी थी पर ग्रामीणों का फोन आने पर पुलिस भेजी तो ग्रामीणों ने बताया कि गदनपुर चोरसा गांव निवासी लल्ला मिश्रा का 40 वर्षीय पुत्र नवनीत उर्फ रिशू रामलीला में श्रीराम का अभिनय करता था। करीब 8 साल पहले उसका विवाह देविका से हुआ था और उनके तीन बच्चे हैं। कोरोना के कारण कुछ माह से बेकार था, जिससे रोजाना घरेलू कलह होती थी। नवनीत को विश्वास था कि रामलीला मंचन होने से आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा पर कोरोना के कारण इस बार कहीं भी रामलीला का मंचन नहीं हुआ तो इन दिनों वह आर्थिक तंगी के चलते परेशान रहता था। आर्थिक तंगी व घरेलू कलह से आजिज आकर नवनीत ने बुधवार रात किसी समय फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार गंगा तट पर कर दिया था। शुक्रवार को परिजनों से पूछताछ कर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।