पुखरायां। भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र में कानपुर-झांसी हाईवे के बढ़ौली मोड़ के पास से पुलिस ने चोरी की बाइक समेत एक युवक को गिरफ्तार किया। युवक की निशानदेही पर चोरी की चार और बाइक बरामद हुईं। इस दौरान उसका साथी मौके से फरार हो गया। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सीओ प्रभात कुमार ने बताया कि कोतवाली के उप निरीक्षक राकेश बहादुर सिंह, धीरेंद्र सिंह व चरण सिंह टीम के साथ रविवार को कानपुर-झांसी हाईवे पर जांच कर रहे थे। इस दौरान हाईवे पर बढ़ौली मोड़ के पास एक बाइक से दो युवक आते हुए दिखे।
पुलिस टीम देख युवक बाइक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। इस पर बाइक सवार युवकों का पीछा किया गया। अचानक बाइक फिसल कर गिर जाने से पीछे बैठा युवक मौके से भाग निकला। वहीं बाइक चला रहे युवक को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में उसने नाम पता जालौन के थाना सिरसा कला के नेवातपुर गांव निवासी शिवम यादव बताया। वह वर्तमान में भोगनीपुर के असेवा गांव में रामशंकर यादव के मकान में रह रहा है। उसने फरार साथी का नाम असेवा निवासी विनीत उर्फ पुष्पेंद्र बताया।
शिवम ने बताया कि दोनों बाइक चोरी करते हैं। मौके पर मिली बाइक हरदुआ पुल के पास से चोरी की थी। जिसे बेचने जा रहे थे। शिवम की निशानदेही पर चोरी की चार और बाइकें बरामद की गईं।
कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि बाइकों के नंबरों के आधार पर उनके मालिकों से संपर्क किया जा रहा है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।