कानपुर। पनकी स्थित शताब्दी नगर में समाजवादी आवास योजना के तहत बन रहे 3800 फ्लैटों के आवेदन 15 अगस्त को शुरू हो सकते हैं। केडीए ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर की पहली समाजवादी आवास योजना लांच करने की तैयारी की है।
केडीए वीसी का पद खाली होने पर अधिकारियों ने कमिश्नर की अनुमति लेकर योजना लांच करने की तैयारी है। अमर उजाला ने 7 जुलाई को इससे संबंधित खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। मध्यवर्ग के शहरवासियों को उचित कीमत पर आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार ने यह योजना चला रखी है। योजना के टू बीएचके फ्लैटों की कीमत 22.50 लाख और 25.50 लाख रुपये होगी।
इस कीमत में सर्विस टैक्स भी शामिल होगा। 67 वर्गमीटर कवर्ड एरिया वाले यह फ्लैट पांच मंजिला टॉवर में बने हैं। इसमें लिफ्ट भी लगी लगेगी। केडीए अपर सचिव पीके सिंह ने बताया कि समाजवादी आवास योजना के निर्माणाधीन फ्लैटों की स्कीम लांच करने की तैयारी है। सिर्फ 20 प्रतिशत ही काम बचा है।
समय पर पजेशन
पूर्व केडीए वीसी जयश्री भोज ने लोगों को समय पर पजेशन देने के लिए फ्लैटों का निर्माण हो जाने के बाद योजना लांच करने के निर्देश दिए थे। इसके चलते योजना के फ्लैटों के पजेशन के लिए इंतजार नहीं करना होगा। केडीए ने फ्लैटों का निर्माण करीब 80 फीसदी पूरा कर लिया है। अभी इन फ्लैटों में फिनिशिंग का काम चल रहा है। नवंबर तक फ्लैट तैयार हो जाएंगे।