उन्नाव जिले में महंगा मोबाइल और शौक पूरे करने के लिए संविदाकर्मी ने अपने अपहरण की कहानी रची थी। फिरौती मांगने के लिए भेजे गए वीडियो ने उसका राज खोल दिया। वीडियो में ट्रेन के और बोगी नंबर के आधार पर स्वाट टीम ने उसकी लोकेशन ली और जीआरपी की मदद से उसे बिजनौर जिले के नजीबाबाद रेलवे स्टेशन से हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने साजिश रचने की रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। बुधवार को एसपी दिनेश त्रिपाठी ने मामले का खुलासा किया। मौरावां थाना क्षेत्र के हिलौली के अभई सागर मोहल्ला निवासी आकाश (25) बीएससी तृतीय वर्ष का छात्र है। वह बिजली विभाग में संविदा पर मीटर रीडर होने के साथ ही सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा है। 17 अप्रैल को सुबह 5:30 बजे वह दौड़ने गया था। इसके बाद लापता हो गया। उसके बड़े भाई कुलदीप के व्हाट्स ऐप पर अपहरण का संदेश भेजकर दो लाख की फिरौती मांगी गई थी।