फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यमुना का जलस्तर स्थिर, कम नहीं हुईं दुश्वारियां

विज्ञापन
विज्ञापन
पुखरायां/मूसानगर। यमुना नदी का जलस्तर शनिवार को स्थिर रहा। गांवों से पानी कम नहीं होने से लोगों की परेशानियां बरकरार रहीं। गांवों के चारों तरफ पानी भरा हुआ है। नदी के मध्य में पानी की धारा तेज है। ग्रामीण अब ऊंचाई वाले स्थानों में पहुंच गए हैं। वहीं बाढ़ पीड़ितों को प्रशासन व अन्य लोगों की ओर से लंच पैकेट का वितरण कराया जा रहा है।
विज्ञापन

हलिया घाट पर सेंगुर नदी यमुना के बहाव के कारण उफान मार रही है। जिससे दोआब क्षेत्र के गांव आढ़न, पथार, क्योटरा बांगर, पड़ाव, चतुरीपुरवा, रसूलपुर, भुंडा, भरतौली, कुम्हापुर, चपरघटा, मुसरिया, हलिया, नयापुरवा, नगीना बांगर, कट्टापुरवा, बम्हरौली घाट, अहरौली घाट, सिमरिया, हंसपुर, मौदन बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। चार अगस्त से निरंतर बाढ़ के हालात जस के तस बने हुए हैं।
अभी तक जलस्तर निरंतर बढ़ता जा रहा था। शनिवार की शाम तक नदी का जलस्तर 112. 68 मीटर तक स्थिर रहा। यहां नदी खतरे के निशान से अभी भी साढ़े चार मीटर ऊपर बह रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि अगले 24 घंटे में जलस्तर घट-बढ़ सकता है। बाढ़ से बचाव करने के लिए लोग जंगलों में ऊंचाई पर तंबू लगाए हुए हैं। बनाए गए आश्रय स्थलों में भी लोग पहुंचे हैं।
विज्ञापन

कुछ गांवों में लोगों ने घरों की छतों पर डेरा जमा रखा है। जहां से वह नाव के सहारे ही आते जाते हैं। ग्रामीण राममिलन,अशोक गोकुल, चंद्रशेखर आदि ने बताया कि कल रात से पानी बढ़ने की गति धीमी हुई है। अभी कुछ कहा नहीं जा सकता है। लंच पैकेट बाटने का सिलसिला जारी है। एसडीएम दीपाली भार्गव ने बताया कि हर पल निगरानी के लिए राजस्व कर्मचारियों के साथ ग्रामपंचायत अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। जिसमें सुरक्षा के तौर पर पुलिस तैनात की गई है।
जलस्तर घटने की कर रहे प्रार्थना
पुखरायां। यमुना नदी के बढ़े जलस्तर से सभी जगह पानी ही पानी नजर आ रहा है। पानी से घिरे गांव और डूबे आशियानों को देख ग्रामीणों की बेचैनी बढ़ती जा रही है। बाढ़ प्रभावित गांवों के लोग अब नदी का जलस्तर घटने के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि रात में नदी की तेज धारा से डर लगने लगा है। बाढ़ पीड़ित प्रेम कुमार निषाद, शिवनारायण, गोलू, रतनलाल, मौजीलाल, ज्ञानवती, राजेश्वरी, गावर्धन ने कहा कि अगर अब यमुना का जलस्तर नहीं घटा तो परेशानी बढ़ जाएगी। (संवाद)
केंद्रीय ग्रामीण राज्यमंत्री ने गांवों का किया दौरा
मूसानगर। केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति शनिवार को बाढ़ ग्रस्त गांवों के हालातों का जायजा लेने के लिए पहुंची। नाव में बैठकर बाढ़ प्रभावित गांव क्योटर बांगर, नयापुरवा, आढ़न व पथार आदि गांव का निरीक्षण किया। अधिकारियों को ग्रामीणों को सुविधाएं मुहैया कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्यान्न भी बांटा। कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है। आश्रम से भी निरंतर प्रतिदिन लंच पैकेट भेजे जाएंगे।
केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति शनिवार को नाव में बैठकर बाढ़ ग्रस्त गांवों में पहुंची। उन्होंने बाढ़ से गांवों के हालात खराब होने की बात कही। बताया कि कहीं घर पानी में डूबे हैं तो कहीं गांव पूरा पानी से घिरा है। उन्होंने कहा कि ऐसे संकट के समय में हमें मिलकर निस्वार्थ भाव से लोगों की मदद करनी चाहिए। नर सेवा नारायण सेवा के भाव को याद रखकर कार्य करना चाहिए।
उन्होंने पथार गांव की छत पर चढ़कर बाढ़ का नजारा देखा। कहा कि आश्रम से प्रतिदिन लंच पैकेट पहुंचाए जाएंगे। एसडीएम दीपाली भार्गव और सीओ प्रभात कुमार को नजर बनाए रखने के लिए कहा। एसडीएम ने बाढ़ पीड़ितों के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी। बताया कि किसी भी समस्या होने पर फोन से संपर्क किया जा सकता है, जिस पर तत्काल सहायता मिलेगी।
मंडलायुक्त ने ग्रामीणों से ली सुविधाओं की जानकारी
पुखरायां। मंडलायुक्त राज शेखर ने जिलाधिकारी जेपी सिंह पुलिस अधीक्षक केशव प्रसाद चौधरी के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्र चपरघटा का दौरा किया। गांव के लोगों से सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। वहीं संबंधित कर्मचारी को बाढ़ ग्रस्त गांवों के लोगों से संपर्क में रहने के निर्देश दिए। लंच पैकेट भी बांटे। चपरघटा गांव में बाढ़ का जायजा लेने के लिए पहुंचे कमिश्नर ने गांव के लोगों से प्रशासनिक सहायता के संबंध में जानकारी की।
ग्रामीणों ने बताया कि एसडीएम निरंतर गांवों का दौरा कर रही हैं। लंच पैकेट भी बांटे जा रहे हैं। मंडलायुक्त ने निर्देशित किया कि दैवीय आपदा के तहत पीड़ित को आवश्यकतानुसार मदद मुहैया कराई जाए। फसलों और आवासों के मुआवजा के लिए भी सर्वे कराएं। दौरे में उनके साथ विधायक विनोद कटियार, सीओ प्रभात कुमार मौजूद रहे। (संवाद)
एनडीआरएफ टीम ने की निगरानी
मूसानगर। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में शनिवार को केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति व मंडलायुक्त के दौरे को देखते हुए प्रशासन सजग रहा। निरीक्षण को देखते हुए दो मोटर वोट समेत 12 सदस्यीय एनडीआरएफ टीम लगाई गई थी। सीओ भोगनीपुर प्रभात कुमार ने बताया कि फिलहाल अभी मोटर वोट विशेष हालात में नजर में रखने के लिए चलाई जाएंगी। (संवाद)
प्रसव पीड़ा पर महिला को नाव से निकाला बाहर
पुखरायां। मुसरिया गांव में बाढ़ पीड़ित महिला को प्रसव पीड़ा होने पर उसे नाव से गांव के बाहर तक लाया गया। वहां से उसे पुखरायां सीएचसी पहुंचाया गया। मुसरिया गांव निवासी रीमन निषाद की पत्नी पुष्पा को प्रसव पीड़ा होने पर नाव से नगीना मोड़ तक लाया गया।
जहां से एंबुलेंस से पुखरायां सीएचसी पहुंचाया गया। आशा कार्यकर्ता रेखा ने बताया कि प्रसव पीड़ा की जानकारी होने पर नाव मंगाई गई। जिससे पुष्पा को नगीना मोड़ तक ले जाया गया। वहां से एंबुलेंस के माध्यम से उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें