यूपी के फतेहपुर जिले में आत्महत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पति से विवाद के बाद लखनऊ से बिहार अपने मायके जा रही महिला बुधवार की रात तीन बच्चों के साथ चलती ट्रेन से कूद गई। रेलवे कर्मी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला और दो बच्चों को मृत पाया।
विज्ञापन
जबकि घायल एक बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की तरफ से सूचना मिलने पर परिजन लखनऊ से फतेहपुर पहुंच गए। राजधानी लखनऊ के मड़ियाव थाना क्षेत्र के सीतापुर रोड डिडौली गांव निवासी दीपचंद्र भट्ट मजदूरी करता है।
उसकी पत्नी रीतू देवी (32) , बेटे सागर (6), रोशनी (आठ माह) और मीनाक्षी (10) के साथ बुधवार को बिहार के जरवल गांव स्थित मायके जाने के लिए घर से निकली थी। रात करीब नौ बजे मीनाक्षी लहूलुहान हालत में रेलवे स्टेशन रसूलाबाद पहुंची।
विज्ञापन
उसने रेलवे कर्मियों को बताया कि उसकी मां रीतू, बहन रोशनी, भाई सागर और उसे लेकर ट्रेन से कूद गई है। वह किसी तरह बच गई। बाकी सब रेलवे ट्रैक के किनारे पड़े हैं। रेलवे कर्मियों की सूचना पर थरियांव थाना पुलिस वहां पहुंची और घायल मीनाक्षी को जिला अस्पताल भेजा।
इसके बाद स्टेशन के आसपास रीतू और उसके बच्चों की तलाश की, लेकिन रात में कुछ पता नहीं चला। गुरुवार की सुबह ग्रामीणों ने तीनों के शव टेक्सारी गांव में डाउन लाइन की तरफ झाड़ियों में पड़े देखे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
पुलिस को रीतू के पास से एक कागज मिला, जिसमें उसके देवर नवीन चंद्र भट्ट का मोबाइल नंबर मिला। उस नंबर पर फोन कर पुलिस ने परिजनों घटना की सूचना दी। दोपहर बाद परिजन लखनऊ से फतेहपुर पहुंच गए। पुलिस ने मां और बच्चों को शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
इधर, घायल मीनाक्षी ने पुलिस को बताया कि पिता से बुधवार की सुबह विवाद होने के बाद मां उन्हें लेकर ननिहाल जा रही थी। रास्ते में उसे धक्का दे दिया, फिर मां भाई, बहन को गोद में लेकर ट्रेन से कूद गई। अस्पताल में भर्ती मीनाक्षी की हालत गंभीर बताई है।
नहीं है विवाद की जानकारी
नवीन चंद्र ने बताया कि भाभी रीतू व भाई दीपचंद्र के बीच विवाद के बारे में उसे जानकारी नहीं है। भाभी रीतू होली पर मायके जाने की बात कहकर घर से निकली थीं। उसकी मां गंगा देवी से खर्च के लिए रुपये लिए थे। उसने बिहार जाने की बात दीपचंद्र को भी नहीं बताई थी।
उसे सुबह नौ बजे थरियांव पुलिस ने फोन पर हादसे की खबर दी है। थाना प्रभारी अमर सिंह रघुवंशी ने बताया कि घायल बच्ची से पूछताछ में महिला के बच्चों समेत ट्रेन से कूदकर जान देने की बात सामने आई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।