फतेहपुर जिले में कृषि उपज मंडी परिसर में गुरुवार को सुबह आठ बजे से सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के वोटों की गिनती की जाएगी। सबसे पहले अयाहशाह विधानसभा क्षेत्र का परिणाम आने की उम्मीद है। खागा का परिणाम सबसे बाद में आने की संभावना है। ईवीएम के वोटों की गिनती के लिए 14-14 और पोस्टल बैलट की गिनती के लिए दो-दो मेजें लगाई गईं हैं। पहले पोस्टल बैलट गिने जाएंगे।
जिले में 23 फरवरी को हुए मतदान में छह सीटों के 66 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया था। गुरुवार को वोटों की गिनती के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभी विधानसभा क्षेत्रों में ईवीएम के वोटों की गिनती के लिए 14-14 मेजों के अलावा एक मेज आरओ के लिए लगाई गई है।
फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में पोस्टल बैलेट सबसे अधिक मतदान हुआ है। यहां एक हजार से अधिक मत होने के कारण दो से अधिक मेजों पर गिनती की जाएगी। प्रत्येक मेज में चार गणना कर्मचारी और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी लगाया गया है। चतुर्थश्रेणी कर्मचारी अधिकारी की देखरेख में ईवीएम और वीवीपैट मशीन स्ट्रांग रूम से लाएगा और गिनती के बाद रखने जाएगा। मतगणना के दौरान प्रत्येक मेज पर प्रत्याशियों का एक-एक एजेंट मौजूद रहेगा।
72 कैमरे करेंगे मतगणना की निगरानी
मतगणना की गतिविधि पर नजर रखने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने मंडी परिसर में पहले 62 सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। संवदेनशीलता को देखते हुए 11 कैमरे बढ़ा दिए गए हैं। सुरक्षा के लिए पीएसी, केंद्रीय पुलिस बल और स्थानीय पुलिस बल को लगाया गया है।