नरवल थाना क्षेत्र के अखरी गांव में दीपावली की रात बिजली के खंभे पर लगा स्विच दबाते ही शारदा देवी (45) करंट की चपेट में आ गईं। कटे तार के कारण खंभे में उतरे करंट ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। वह खंभे से चिपक गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। काफी देर तक पत्नी के घर न लौटने पर पति विनोद कुमार उन्हें देखने बाहर निकले तो खंभे के पास बेसुध पड़ा देखकर उनकी चीख निकल गई।
अखरी गांव निवासी विनोद कुमार किसान हैं। परिवार में पत्नी शारदा और तीन बेटे शैलेश, अभिषेक व निलेश हैं। बड़ा बेटा शैलेश निजी कंपनी में नौकरी करता है, जबकि दोनों छोटे बेटे पढ़ाई कर रहे हैं। शैलेश के मुताबिक, रविवार रात घर के बाहर बंधी गाय और भैंस अचानक तेज आवाज में चिल्लाने लगीं। उनकी आवाज सुनकर मां शारदा पशुओं को देखने के लिए बाहर निकली तो वहां काफी अंधेरा था। पशुओं को देखने के बाद घर के बाहर लगे बिजली के खंभे पर लाइट चालू करने के लिए उन्होंने स्विच दबाया। आरोप है कि स्विच का तार कटा होने से खंभे में करंट उतर रहा था। स्विच दबाते ही मां करंट की चपेट में आ गईं।
शैलेश ने बताया कि काफी देर तक मां के घर नहीं लौटने पर पिता विनोद उन्हें देखने बाहर गए। खंभे के पास पत्नी को बेसुध पड़ा देखकर वह चीख पड़े। उनकी आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी दौड़कर पहुंचे। आनन-फानन में शारदा को सीएचसी नरवल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन ने 112 पर सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजन से जानकारी जुटाई। नरवल थाना प्रभारी अनिल कुमार के मुताबिक, करंट लगने से महिला की मौत हुई है। परिजन की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।