राजपुर। थाना क्षेत्र के बिजहरा गांव में सोमवार रात खाना खाने के बाद चारपाई पर लेटी महिला की अचानक हालत बिगड़ गई। परिजन महिला को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौत का कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया है।
बिजहरा निवासी किसान रामशंकर ने बताया कि सोमवार रात 10 बजे पत्नी सीमा (45) ने परिवार के साथ खाना खाया। उसके बाद वह आंगन में चारपाई पर लेटी थी। अचानक उन्हें सांस लेने में परेशानी होने पर हालत बिगड़ गई। इस पर परिवार के लोग उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर लेकर पहुंचे। यहां डॉ. हरदीप सिंह ने सीमा को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे। सिलहरा निवासी मृतका की मां सुनीता ने बेटी की मौत संदिग्ध बता पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक गुरेंद्र प्रताप सिंह ने जांच पड़ताल की। महिला की मौत पर बेटे मिनिस्टर बाबू, रामहेत, सचिन बेटी वर्षा बिलखते रहे। थानाध्यक्ष सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि मौत का सही कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।