रनियां। कानपुर- इटावा हाईवे पर रनियां थाना के पास मंगलवार सुबह डंपर ने आगे चल रही बस में टक्कर मार दी। इससे बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में बस में सवार इंजीनियरिंग कॉलेज के 25 छात्र-छात्राएं बाल-बाल बच गए। सभी छात्र-छात्राएं सुरक्षित हैं।
अकबरपुर से मंगलवार सुबह एक बस 25 छात्र-छात्राओं को लेकर भौंती कानपुर नगर स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज जा रही थी। हाईवे पर रनियां थाना के पास पहुंचने पर पीछे से आ रहे डंपर ने बस में टक्कर मार दी। इससे बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। टक्कर के बाद बस में सवार छात्र-छात्राओं में अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दूसरे साधन से छात्र-छात्राओं को कॉलेज के लिए भेजा। रनियां थानाध्यक्ष दिनेश कुमार गौतम ने बताया कि हादसे में कोई भी घायल नहीं हुआ है। हादसा कर भागे डंपर चालक की तलाश की जा रही है। मामले में तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।