जसवंतनगर। क्षेत्र के ग्राम घुराह में बुधवार सुबह खेत की रखवाली कर रहे किसान पर जंगली सुअर ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग लाठी-डंडा लेकर दौड़ पड़े तो जंगली सुअर भाग निकला। किसानों को गंभीर हालत में सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे सैफई रेफर कर दिया गया।
किसान राकेश बाबू (52) निवासी ग्राम घुराह बुधवार सुबह खेत की रखवाली कर रहे थे। उसी समय कुछ शिकारियों ने पास ही जंगली सुअरों के झुंड पर गोली चला दी। गोली लगने से घायल सुअर भागते हुए राकेश बाबू के खेत में पहुंच गया और उन पर हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुंचे और सुअर को भगाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह राकेश बाबू को बचाया और उन्हें सीएचसी जसवंतनगर पहुंचाया। यहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें सैफई आयुर्विज्ञान विवि रेफर कर दिया। घायल किसान के पुत्र मुकेश कुमार ने बताया कि उनके पिता की हालत नाजुक बनी हुई है और इलाज जारी है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। उनका कहना है कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में जंगली सुअरों का आतंक बढ़ गया है। इससे किसानों की फसलें भी बर्बाद हो रहीं हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जंगली जानवरों से सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाने की मांग की है।