कानपुर देहात। गो तस्करी के इरादे से ट्रक लेकर आए बदमाशों ने पुखरायां में एक युवक से बाइक लूट ली। बदमाशों के हाईवे से कानपुर की तरफ भागने की सूचना पर अकबरपुर थाना पुलिस ने पीछा करके जैनपुर में दो बदमाशों को दबोच लि
या। इस दौरान पीछा करने वाले दरोगा की कार में बदमाशों ने अपनी कार से टक्कर मार दी। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई है और कार में सवार बदमाश भाग गए। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश कर रही है। गिरोह का सरगना एक सिपाही है और वह फतेहपुर पुलिस की स्वॉट टीम ने तैनात बताया गया है।
बताया गया कि पुखरायां के पास शनिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे दो बाइक, एक कार व ट्रक से बदमाश आए। बदमाशों ने वहां एक युवक से मारपीट कर बाइक लूट ली। इसके बाद बदमाश कानपुर की तरफ भाग निकले।
घटना की सूचना पाकर अकबरपुर थाना पुलिस की टीम ने बदमाशों का पीछा किया। जैनपुर में बाइक पर सवार एक बदमाश को दबोच लिया। इसी बीच पकड़े गए बदमाश के मोबाइल पर उसके साथी का फोन आ गया।
इस पर पुलिस ने उसे अपनी बातों में फंसाकर दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूट की बाइक समेत दो बाइके व एक ट्रक को बरामद कर कब्जे में ले लिया। इस बीच पकड़े गए बदमाशों के साथी कार से वहां आ गए।
पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो वह भाग निकले। पीछा करने पर बारा गांव के पास अकबरपुर कोतवाली के एक दरोगा की कार में बदमाशों ने अपनी कार से टक्कर मार दी। इससे दरोगा की कार क्षतिग्रस्त हो गई और बदमाश कार तेज रफतार से लेकर भाग गए।
घटना में दरोगा को चोटें आई हैं। पकड़े गए बदमाश फतेहपुर जिले के रहने वाले हैं। पुलिस की पूछताछ में बताया कि गिरोह के लोग गो तस्करी का काम करते हैं। गिरोह का सरगना एक सिपाही है और वह फतेहपुर जिले में स्वॉट टीम में तैनात है।
पुलिस को फरार बदमाशों के बारे में जानकारी मिल गई है। फिलहाल पुलिस के निशाने पर स्वॉट टीम का सिपाही है। एएसपी घनश्याम चौरसिया ने बताया कि दो बदमाश पकड़े गए हैं। भोगनीपुर पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।