लखनऊ-कानपुर रेलमार्ग पर सोनिक रेलवे स्टेशन का क्रॉसिंग गेट के बूम गरारी में खराबी के चलते खुल नहीं सका। इससे राहगीरों ने गेटबूम के नीचे से निकलना शुरू कर दिया। ट्रैक पर भीड़भाड़ के बीच एलकेएम का सिग्नल होने पर केबिनमैन ने स्टेशन मास्टर को सूचना दी। एलकेएम को स्टेशन के पहले इमरजेंसी में रोका गया।
इस दौरान करीब तीन घंटे तक मैनुअल तरीके से ट्रेनों का संचालन किया गया। सोमवार की सुबह करीब सात बजे मालगाड़ी गुजरने के बाद केबिनमैन क्रासिंग गेट खोल रहा था। इस दौरान गेटबूम की गरारी में खराबी आने से क्रासिंग खुल नहीं सकी। इस बीच लखनऊ से कानपुर जा रही मैमू ट्रेन का सिग्नल होने पर केबिनमैन एसडी मिश्रा ने सोनिक स्टेशन मास्टर को सूचना दी।
एसएम ने कंट्रोलरूम को सूचना दी। इसपर एलकेएम को क्रासिंग के पहले रोका गया। इसके बाद ट्रेन को मैनुअल गुजारा गया। वहीं लगभग 8 बजे तकनीकी टीम पहुंची और मरम्मत शुरू की। करीब तीन घंटे बाद 11 बजे गेटबूम को ठीक किया जा सका। इस दौरान ट्रेनों को 30 किमी. प्रति घंटे के कॉशन पर मैनुअल गुजारा गया।