होटल, धर्मशालाओं में संदिग्धों की तलाश
गणतंत्र दिवस के मद्देनजर पुलिस अलर्ट हो गई है। रविवार देर रात पुलिस ने कानपुर में पाकिस्तान, नेपाल और बंगलादेश के नागरिकों के साथ ही संदिग्धों की तलाश में होटल, धर्मशाला व ढाबों की चेकिंग की। पुलिस ने होटल के रजिस्टर व धर्मशाला के कमरों को भी खंगाला। हालांकि, शहर में कहीं भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु नहीं मिली।
आईजी आलोक सिंह ने रविवार रात 11:00 से 1:00 बजे तक रेंज के सभी जिलों में गणतंत्र दिवस के मद्देनजर चेकिंग के आदेश दिए थे। इसके तहत रात में एसपी से लेकर थानेदार तक सड़क पर निकले। सभी ने अपने-अपने क्षेत्रों के होटल, धर्मशाला और ढाबे के अलावा शहर के बाहरी इलाकों में बसे लोगों की चेकिंग की। चर्चा रही कि पुलिस ने गोविंद नगर में पकड़े गए सॉल्वरों के साथियों को दबोचने के लिए होटलों व धर्मशालाओं को खंगाला। आईजी के मुताबिक, कानपुर नगर के अलावा औरैया, इटावा, कन्नौज व फर्रुखाबाद में भी ऐसे ही चेकिंग की गई।
एसएसपी अनंत देव ने बताया कि गणतंत्र दिवस को देखते हुए 22 से 25 जनवरी तक पुलिस लगातार होटल, ढाबों, धर्मशालाओं के साथ ही शहर के बाहरी इलाकों में बसे लोगों के बारे में छानबीन करेगी। इसमें एस-10 के 15 हजार सदस्यों के अलावा डिजिटल वांलटियर्स और सिविल डिफेंस के लोगों की भी मदद की जाएगी।