अरब सागर से नमी लेकर आ रहीं ठंडी हवाओं की वजह से गुरुवार को बूंदाबांदी के आसार है। इसके साथ ही ला-नीना के सक्रिय होने से समुद्री हवाओं की ठंडक माहौल में कंपकंपी पैदा करती रहेगी। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इससे ठंड लंबी खिंच सकती है। बीच-बीच में धूप निकलेगी जरूर लेकिन ठंड से निजात नहीं दिलाएगी। दिन में गुनगुनी धूप रहेगी और रात को कोहरा आ जाएगा।
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कानपुर परिक्षेत्र में आ गया है। यह 17 जनवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा। इसके अलावा जेट स्ट्रीम उत्तर भारत के ऊपर 12.6 किमी की ऊंचाई पर लगभग 100 नॉट की गति से चल रही हैं। इससे पश्चिमी विक्षोभ और समुद्री नमी आ रही है। इसकी वजह से माहौल में ठंडक बनी है। डॉ. पांडेय ने बताया कि जलवायु पूर्वानुमान केंद्र ने ला-नीना शुरू होने की घोषणा कर दी है।