कानपुर देहात/रनियां। जिले में हो रही बारिश व हथिनी कुंड बांध से पानी छोड़े जाने से यमुना, सेंगुर, रिंद नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। रविवार को रिंद नदी का पानी रनियां क्षेत्र के इटैलिया गांव तक पहुंच गया। यहां 18 घरों के बाहर पानी भरा है।
वहीं रायपुर कुकहट, देवकली व इटैलिया गांव के बाहर बाढ़ का पानी अभी भी कम नहीं हुआ है। सोमवार को इटैलिया में आवाजाही के लिए नाव लगाई गई है। डीएम व एसपी ने पहाड़पुर से देवकली मार्ग पर जाकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। पहाड़पुर से देवकली के बीच आवाजाही के लिए उन्होंने ट्रैक्टर ट्रॉली लगाने के निर्देश एसडीएम सदर को दिए।
रिंद नदी का जलस्तर बढ़ने से इटैलिया में 18 घरों के पास तक पानी पहुंच गया है। अब यहां रहने वालों को बाढ़ का पानी घरों में घुसने का डर सता रहा है। इटैलिया, पहाड़पुर से देवकली व रायपुर कुकहट जाने वाला धंजुआ मार्ग जलमग्न है। देवकली गांव जाने के लिए लोग ऊंचाई वाले कच्चे रास्ते से होकर आवागमन कर रहे हैं। यहां के लोगों के लिए नाव की व्यवस्था प्रशासन की ओर से नहीं की गई है।
सोमवार को डीएम जेपी सिंह व एसपी केशव कुमार चौधरी ने देवकली मार्ग व रायपुर कुकहट गोशाला का मुआयना किया। उन्होंने पहाड़पुर में रिंद नदी के बढ़े जलस्तर का जायजा लिया। बाढ़ से प्रभावित गांवों में रहने वाले लोगों के आने जाने की व्यवस्था करने के लिए एसडीएम सदर राजीव राज को निर्देशित किया। एसडीएम सदर ने बताया कि थोड़ा और पानी बढ़ने पर इटैलिया के घरों में पानी पहुंच सकता है। आवागमन के लिए एक नाव लगाई गई है।
हरीरामपुर गांव से इटैलिया गांव जाने के लिए रास्ते की मरम्मत कराई जा रही है। यह रास्ता सही होने पर आवागमन की सुविधा हो जाएगी। लेखपाल विकास मिश्रा ने बताया कि इटैलिया गांव में जाने के लिए नाव लगाई गई है। पहाड़पुर से देवकली वाले मार्ग पर अब ट्रैक्टर ट्रॉली लगाई जाएगी। यहां मार्ग से सटे खेतों की वजह से नाव पलटने की आशंका को लेकर यह निर्णय लिया गया है।
इटैलिया में स्वास्थ्य कैंप लगाने के निर्देश
रनियां। बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे डीएम ने पानी से घिरे इटैलिया गांव में स्वास्थ्य कैंप लगवाने के निर्देश एसडीएम सदर को दिए। इसके बाद उन्होने रायपुर कुकहट गोशाला का निरीक्षण किया। यहां दीवार तक पानी पहुंच गया है। हालांकि गोशाला के अंदर जलभराव नहीं है। डीएम ने ग्राम सचिव रवि शुक्ला को गोशाला में मौजूद 30 गोवंशों को नजदीक ही स्थिति बंद फैक्टरी परिसर में शिफ्ट करने को कहा।
बाढ़ पीड़ितों के सामने भोजन का संकट
रनियां। रायपुर कुकहट के 25 परिवारों को पंचायत भवन, स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र में ठहराया गया है। शनिवार को प्रधान बाबू सिंह ने प्रत्येक परिवार को पांच किलो आटा, एक किलो आलू, आधा किलो प्याज, सरसों का तेल व सब्जी मसाले के पैकेट आदि दिए थे। कई परिवारों का राशन खत्म हो गया है। इधर प्रशासन की ओर से इन परिवारों को राशन उपलब्ध नहीं कराया गया है।
वहीं सामुदायिक रसोई से लंच पैकेट आदि का इंतजाम भी नहीं हो सका है। ऐसे में इन परिवारों के सामने खाने पीने का संकट बना है। आंगनबाड़ी केंद्र में रह रहे नीलू, हुस्न बानों, खुशनुमा ने बताया कि खाना बनाने के लिए दो दिन से राशन नहीं मिला है। मोहम्मद सलीम ने बताया कि परिवार में 13 लोग हैं। प्रधान का दिया राशन खत्म हो गया है। अब रायपुर कुकहट की एक पहचान की किराना दुकान से उधार आटा, तेल, सब्जी मसाला आदि लिया है।
प्रधानाचार्य ने नहीं दी शौचालय की चाबी
रनियां। आंगनबाड़ी केंद्र से पांच परिवारों को रविवार को प्राथमिक विद्यालय भेजा गया था। इन परिवारों में 17 लोग हैं। स्कूल की प्रधानाचार्य क्रांती देवी ने इन परिवारों को शौचालय की चाबी नहीं दी है। इसकी वजह से यहां ठहरे लोगों को शौच की दिक्कत बनी है। प्रधानाचार्य ने बताया कि उच्चाधिकारियों का आदेश नहीं है, इसलिए चाबी नहीं दी गई।