रनियां के किशरवल रोड स्थित जोन-2 में बनी पानी की टंकी। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
रनियां। गर्मी की शुरुआत हो गई है। इधर, टंकी से जलापूर्ति को लेकर जल निगम गंभीर नहीं है। किशरवल रोड पर जोन दो में बनी टंकी की पाइप लाइन में कई जगह लीकेज होने से गली में जलभराव हो गया तो जलापूर्ति बंद कर दी गई। पंद्रह दिन से पांच सौ घरों में टोंटी से पानी नहीं मिल रहा है। लोग दूर लगे हैंडपंप से पानी भरकर लाने को मजबूर हैं।
नगर पंचायत रनियां के किशरवल रोड पर जोन दो में दो करोड़ रुपये से टंकी बनाकर पाइप लाइन बिछाई गई है। टंकी से लगभग पांच सौ घरों में जलापूर्ति होती है। जगह-जगह पाइप लाइन लीकेज होने से पिछले 15 दिन से टंकी की जलापूर्ति ठप है। जलापूर्ति बंद होने से स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सुबह से लोगों को दूर लगे हैंडपंप से पानी भरकर लाना पड़ता है। उधर, गली में पानी भरा है लेकिन जल निगम के अधिकारियों को लीकेज दुरुस्त कराने की सुध नहीं है। गली में जलभराव से लोगों को आवाजाही में भी परेशानी हो रही है।
किशरवल रोड मोहल्ला निवासी रामू सैनी, अजय पाल, सुरेश शुक्ला, सरनाम यादव आदि ने बताया कि शिकायत के बाद भी लीकेज ठीक नहीं हो सके हैं। अधिशासी अभियंता जल निगम एमके सिंह ने बताया कि पाइप लाइन लीकेज की जानकारी कराई जाएगी। जेई को निर्देश दिए गए हैं जल्द ही समस्या का समाधान कराकर टंकी से जलापूर्ति बहाल होगी।