इसी तरह वार्ड 9 रविदासपुरम में करीब दस साल पहले पानी की दो टंकियां बनाई गई थी। घर-घर तक लोगों को पानी की सप्लाई के लिए वॉटर लाइन भी बिछा दी गई, लेकिन टंकी चालू नहीं होने से बड़ी आबादी परेशान है। तात्या टोपे नगर में दो ट्यूबवेल में एक चालू है। जिसमें से एक रिबोर के लिए पड़ा है। अंबेडकरनगर में एक ट्यूबवेल लगा है जो खराब है।
बताया जा रहा है कि रिबोर के कारण ट्यूबेल पानी नहीं दे रहा है। 70 हजार की आबादी के बीच सिर्फ 50 हैंडपंप ही चालू हालत में है। लोगों ने बताया कि सुबह दोपहर शाम हैंडपंप में लंबी लाइनें लगाने को मजबूर हैं। बाबूपुरवा कॉलोनी में भी पानी की दिक्कत काफी समय से बनी है। यहां के पार्षद हरिशंकर गुप्ता का कहना है कि कहने के बाद व्यवस्था बन नहीं पा रही।
करीब एक सप्ताह से पानी की सप्लाई बहुत लो प्रेशर से है। इसके बाद करीब तीन दिन से गंदा और बदबूदार पानी पाइप लाइन से आ रहा है। जो पीने योग्य नहीं है। शिकायत के बाद भी कोई सही करने नहीं आया। - निर्मल कुमार, छपेड़ा पुलिया
बदबूदार पानी आने से काफी समस्या आ गई है। आसपास के हैंडपंप से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। गंदी पानी का प्रयोग कर कपड़े धुलते हैं तो वो भी बदबू देने लगते हैं। ये समस्या लगातार बनी हुई है। -गोल्डी भाटिया, शारदा नगर
पानी की टंकी चालू कराने के लिए कई मर्तबा अधिकारियों से गुहार लगाई गई, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। लोगों को पानी के लिए बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। -आरती गौतम, पार्षद
सुबह शाम हैंडपंप में लंबी कतार लगाकर पानी भरना पड़ रहा है। पानी भरने को लेकर लोगों में झड़प भी हो जाती है। वॉटर लाइन तो पड़ी है लेकिन आज तक पानी की एक बूंद नहीं आई। -वीरेंद्र यादव, गुजैनी गांव
इन इलाकों में है दिक्कतें
तात्याटोपे नगर, अंबेडकर नगर, वरुण बिहार, वरुण विहार कच्ची बस्ती, बर्रा 8, कच्ची बस्ती, बर्रा सी ब्लॉक, बी ब्लॉक, ई ब्लॉक, ई वन ब्लॉक, एफ वन ब्लॉक, बी वन ब्लॉक, बर्रा गांव, गुजैनी गांव, रविदास पुरम, मायापुरम समेत आदि इलाकों में पेयजल की समस्या है।
जहां पर बदबूदार पानी आ रहा है वहां पर एक दिन बाद खुदाई कराई जाएगी। तब पता चल पाएगा कि ऐसा क्यों हो रहा है। -अजीत यादव एई जोन तीन जल निगम