कानपुर देहात। सड़क क्रॉस करने वाली एचटी लाइनों के नीचे तारबंदी का नियम है मगर बिजली निगम बेपरवाह है। ऐसा तब है जब तार टूटकर गिरने से कई हादसे हो चुके हैं। शिवली क्षेत्र में तार टूटकर गिरने से बाइक सवार युवक जिंदा जल चुका है। बजट के इंतजार में तारबंदी अटकी है।
जिले में करीब 500 से अधिक स्थानों पर एचटी लाइनें सड़क पार निकली हैं। इनमें से अधिकांश के नीचे सुरक्षा तारबंदी नहीं है। लाइनें बनाते समय बिजली निगम के अधिकारियों ने अनदेखी की। ठेकेदारों ने भी मनमानी तरीके से काम किया। अब राहगीरों के सिर पर करंट का खतरा है। सड़क क्रॉस कर रही एचटी (हाईटेंशन) लाइनों के नीचे तारबंदी का नियम है। हालांकि इसका पालन जिम्मेदार नहीं कर रहे हैं।
अधिकारी इतने बेफिक्र हैं कि तार टूटकर गिरने की कई घटनाएं होने के बाद भी अनदेखी किए हैं। अकबरपुर में उपकेंद्र के बाहर ही कई फीडर की एचटी लाइनें बिना तारबंदी निकली हैं। वहीं, रूरा में मंडी समिति के पास व पेट्रोल पंप के नजदीक और तिगाईं मार्ग पर कई जगह एचटी लाइनें बिना सुरक्षा इंतजाम के निकली हैं। अकबरपुर में आरटीओ कार्यालय के पास हाईवे पर भी एचटी लाइनें बिना तारबंदी निकाल दी गई हैं।
..........................
सड़क पार कर निकली ओवर हेड एचटी लाइनों के नीचे तारबंदी की जानी चाहिए। सुरक्षा के मद्देनजर कई स्थान चिह्नित किए गए हैं। बिजनेस प्लान 2026-27 में एचटी लाइनों के नीचे तारबंदी कराने के लिए बजट की मांग की गई है। बजट मिलने पर चिह्नित एचटी लाइनों के नीचे तारबंदी कराई जाएगी। पूर्व में किस तरह से बिना कारबंदी के लाइनेें सड़क पार कर निकाली गईं। इसके संबंध में कुछ नहीं कह सकते हैं। - पुष्पदेव, नोडल एक्सईएन
.......................
केस एक :
फोटो-05- रूरा में मंडी समिति के पास सड़क पार बिना गारर्डिंग निकली ओवर हेड एचटी लाइन। संवाद
चार रास्तों के पास ओवरहेड एचटी लाइन निकली
रूरा में मंडी समिति के पास रूरा-अकबरपुर मार्ग के अलावा अन्य चार सड़कें हैं। इसी के करीब बिना तारबंदी एचटी लाइन निकली है। तार टूटकर गिरने पर बड़ा हादसा होने का खतरा है, लेकिन जिम्मेदार सुध नहीं ले रहे हैं।
......................
केस दो :
फोटो-06- अकबरपुर में उपकेंद्र के बाहर बिना गार्डिंग के सड़क पार कर निकली एचटी लाइनें। संवाद
अकबरपुर उपकेंद्र के बाहर सड़क पार निकलीं कई फीडर की लाइनें
अकबरपुर उपकेंद्र के बाहर कई फीडरों की एचटी लाइनें बिना तारबंदी के सड़क पार निकली हैं। उपकेंद्र में एसडीओ कार्यालय भी है मगर उन्हें राहगीरों की सुरक्षा की फिक्र नहीं है। लोगों का कहना है कि तार टूटने पर किसी राहगीर की जान जाएगी तब अधिकारी चेतेंगे।
................
फोटो-07-रूरा-अकबरपुर मार्ग पर तिगाई में बिना तारबंदी सड़क पार निकली ओवर हेड एचटी लाइन। संवाद
केस तीन :
तिगाईं में सड़क पार कर निकलीं कई एचटी लाइनें
अकबरपुर-रूरा मार्ग पर तिगाईं में कई एचटी लाइनें बिना तारबंदी के सड़क पार कर निकली हैं। पूरे दिन इस मार्ग पर वाहन सवारों की आवाजाही रहती है। लोगों की सुरक्षा के प्रति बिजली निगम के अधिकारी कतई संजीदा नहीं हैं।
.......................
तार टूटने से हुए हादसों पर एक नजर
- 6 जुलाई 2024 : शिवली के धरमपुर गौरी गांव के बीच एचटी लाइन का तार टूटकर गिर गया। बाइक सवार सुदामा चपेट में आ गए और करंट से उनकी मौत हो गई।
- 2 अक्तूबर 2024 : मोहाना गांव में एचटी तार गिरने से बाइक सवार राजेंद्र सिंह चपेट में आ गए। करंट से उनकी मौत हो गई।
- 14 नवंबर 2025 : राजपुर के मुखर्जी नगर में एचटी लाइन के तार टूटकर गिर गए। करीब में ही घर बने हैं। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ।
- 22 नवंबर 2025 : रसूलाबाद के थाना पुरवा में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। गनीमत रही कि कोई चपेट में नहीं आया।