पुखरायां। भोगनीपुर थाने के मुगलरोड पर हलधरपुर गांव के पास रोड पर ट्रक की टक्कर से मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया है।
हलधरपुर निवासी जितेंद्र संखवार ने बताया कि छाेटा भाई शैलेंद्र (34) बुधवार रात 10 बजे मुगल रोड से होते हुए पैदल घर आ रहा था। नोनापुर मोड़ और हलधरपुर के बीच घाटमपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार घायल कर दिया। हादसे की जानकारी पर पहुंचे परिजन उसे इलाज के लिए पुखरायां सीएचसी लेकर आए। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में डॉ. अनूप सचान ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उसे हैलट अस्पताल कानपुर ले गए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
भाई जितेंद्र ने बताया कि शैलेंद्र मजदूरी करता था। परिजन शव लेकर घर पहुंचे तो भाई सतेंद्र संखवार और मां सावित्री बिलखने लगी। थानाध्यक्ष अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।