गुंदेला के प्राथमिक विद्यालय में बंद छुट्टा गोवंश। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
रसूलाबाद। गुंदेला गांव में छुट्टा गोवंश से परेशान ग्रामीणों ने 65 मवेशियों को प्राथमिक विद्यालय में बंद कर गेट पर ताला लगा दिया। मामले की जानकारी प्रधान पति ने तहसील में दी है। इसके बाद वाहनों से गोवंशों को असालतगंज गोशाला में भेजा गया। ग्रामीणों ने समस्या का शीघ्र हल न होने पर मतदान के बहिष्कार की चेतावनी भी दी है।
किसान रामलखन सविता, दलौतराम, रामू, दिनेश कुमार, धीरेंद्र यादव सहित अन्य ने बताया कि बारिश की वजह से पहले ही रबी की फसल बर्बाद हो रही है। इसके साथ ही गोवंश फसलों को चट कर रहे हैं। इस वजह से आर्थिक रूप से बहुत नुकसान हो रहा। गोवंशों को पकड़ने के लिए कई बार अधिकारियों से मांग कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
इस पर रविवार को गुंदैला प्राथमिक विद्यालय के मैदान में गोवंश बंद कर दिए। ग्रामीणों ने कहा कि हर बार चुनाव आने पर नेताओं का सिर्फ वोट तक नाता रहता है। इसके बाद कोई गांव तक नहीं आता। इस बार समस्या का हल नहीं होने पर मतदान का बहिष्कार किया जाएगा।
वहीं, एसडीएम जितेंद्र कटियार ने बताया कि सूचना पर वाहनों से मवेशियों को असालतगंज गोशाला भेजा गया है। पशु चिकित्साधिकारी रुचि सिंह ने बताया कि 65 गोवंशों को गोशाला में शिफ्ट किया गया है।