फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गांव की सरकार तैयार, विकास कार्य पकड़ेंगे रफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर देहात। जिले में संगठित 202 ग्राम पंचायतों में गुरुवार को पहली बैठक हुई। इस दौरान ग्राम समितियों का गठन कर विकास कार्यों को रफ्तार देने की योजना बनाई गई। समितियों के सदस्यों को उनके अधिकारों की जानकारी दी गई।
विज्ञापन

इस दौरान कहीं महिला प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य घूंघट की ओट में बैठक में पहुंची तो कहीं उनकी अनुपस्थिति में उनके पति ने हिस्सा लिया। वहीं सरवनखेड़ा की सरवाटप्पा व दुआरी मेें विवाद की स्थिति के चलते पहली बैठक नहीं हो सकी।
जिले में कुल 618 ग्राम पंचायतें हैं। पंचायत चुनाव में 204 ग्राम पंचायत में ही सदस्यों का कोरम पूरा हो सका। जबकि 414 में ग्राम पंचायत सदस्यों का कोरम ही नहीं पूरा हो पाया। कोरम पूरा करने वाले प्रधानों को 25 मई को शपथ दिलाई गई थी। डीएम जेपी सिंह के निर्देश पर गुरुवार को सचिवों की मौजूदगी में ग्राम पंचायतों की पहली बैठक संपन्न कराई गई।
विज्ञापन

इस दौरान सचिवों ने ग्राम समितियों का गठन किया, और विकास कार्यों को रफ्तार देने पर चर्चा की गई। समितियों के सदस्यों को उनके कार्यों की जानकारी दी गई। संदलपुर ब्लॉक के भंदेमऊ गांव में बैठक के दौरान दस में छह सदस्य पहुंचे। इस दौरान महिला सदस्य पूनम देवी घूंघट में नजर आईं। इस तरह सतौरा ग्राम पंचायत की बैठक भाव सिंह पुरवा में हुई।
यहां दस में आठ सदस्य मौजूद रहे। यहां प्रधान अलका शर्मा आदि मौजूद रहीं। इधर, राजपुर के बकसौधी गांव में महिला प्रधान हेमलता के चाचा की मौत हो जाने के चलते उनके पति अश्वनी दीक्षित ने बैठक में हिस्सा लिया। झींझक के मंगलपुर में सचिव अनुराग त्रिवेदी की मौजूदगी में बैठक हुई। वहां 15 सदस्यों में 13 मौजूद रहे। इसी प्रकार रसूलाबाद, झींझक, मैथा, अकबरपुर आदि ब्लॉकों में भी बैठक के दौरान समितियों का गठन हुआ।
पहली बैठक में उठाया जलभराव का मुद्दा
राजपुर। राजपुर ब्लॉक की 14 संगठित ग्राम पंचायतों में बैठक के दौरान सदस्यों ने जलभराव की समस्या को प्रधान व सचिव कमल किशोर के सामने रखा। इस पर सचिव ने सदस्यों को बताया कि यह पहली बैठक है। इसमें समिति का गठन किया गया है।
अगली बैठक के दौरान इस गंभीर मामले पर विचार-विमर्श कर समस्या का समाधान किया जाएगा। इसी प्रकार खासबरा में भी मूलभूत समस्याओं को सदस्यों ने प्रधान रामदर्शनी व सचिव दीक्षा अवस्थी के सामने रखा। सचिव ने बताया कि इन समस्याओं को लेकर कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
राष्ट्रपति के गांव में भी प्रधान ने की बैठक
डेरापुर ब्लॉक में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के पैतृक गांव परौख में ग्राम पंचायत की पहली बैठक संपन्न हुई। इस दौरान सचिव सुधीर कटियार व प्रधान संग्राम सिंह ने समिति का गठन किया। गुरुवार को हुई बैठक के दौरान 12 में सभी सदस्य मौजूद रहे। सदस्यों को ग्राम पंचायत समिति के बारे में बताया गया। सचिव ने बताया कि इसके बाद होने वाली बैठक में गांव की समस्याओं की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इससे उनका समाधान हो सके।
शराब ठेके कराएंगे गांव के बाहर
संदलपुर ब्लॉक के कसोलर में गुरुवार को ग्राम पंचायत की पहली बैठक हुई। इसमें सदस्यों ने गांव स्थित अंग्रेजी व देसी शराब के ठेकों को गांव के बाहर करने पर चर्चा की। प्रधान प्रदीप कटियार ने सदस्यों को भरोसा दिया कि अगली बैठक में प्रस्ताव बनाकर संबंधित अधिकारियों के सामने इस समस्या को रखा जाएगा।
बोले प्रधान, समस्याओं का होगा प्राथमिकता से निदान
गांव में पेयजल संकट काफी समय से है। कई बार अफसरों से लेकर तत्कालीन प्रधान से शिकायत की गई, लेकिन कभी गंभीरता से नहीं लिया गया। अब इस समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। - सविता सिंह राजावत, भंदेमऊ प्रधान
गांव का पंचायत भवन जर्जर है। इससे ग्राम पंचायत की बैठकें अक्सर लोगों के दरवाजे पर की जाती थी। सबसे पहले जर्जर पंचायत भवन को सही कराया जाएगा। इसके साथ लोगों की समस्याएं भी दूर कराई जाएंगी। - सरोज सिंह, खानपुर डिलवल प्रधान
मैथा ब्लॉक के बाघपुर गांव को आदर्श गांव बनाने का प्रयास किया जाएगा। पात्र लोगों को योजना का लाभ सीधे तौर पर दिलाने का प्रयास होगा। लोगों को योजनाओं का लाभ पाने के लिए अब भटकना नहीं पड़ेगा। - अर्चना गौतम, बाघपुर प्रधान
सरकारी योजना के लाभ के लिए ग्रामीणों को दलालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। गांव की गलियां खस्ताहाल हो चुकी हैं। उनका प्रस्ताव अगली बैठक में रखा जाएगा। इससे जल्द समस्या का समाधान हो सके। - बाबू सिंह चंदेल, रायपुर प्रधान
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें