विकास दुबे कांड: जय बाजपेई और पत्नी श्वेता
- फोटो : amar ujala
बिकरू कांड में जेल गया विकास दुबे का खजांची जय बाजपेई सोमवार को एसीएमएम-2 कोर्ट में पेश हुआ। नजीराबाद पुलिस ने फर्जी शपथ पत्र मामले में उसके खिलाफ वारंट और पूछताछ की अनुमति ली। नजीराबाद पुलिस अब मंगलवार को माती जेल जाकर जय से पूछताछ करेगी।
एसआईटी जांच पूरी होने के बाद शस्त्र लाइसेंस में फर्जी शपथ पत्र देने के मामले में भी नजीराबाद थाने में उस पर रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पुलिस ने जय के खिलाफ वारंट लेने के लिए कोर्ट में अर्जी थी। इंस्पेक्टर ज्ञान सिंह ने बताया कि जय के बयान लेने के बाद विवेचना आगे बढ़ाई जाएगी। साक्ष्य जुटाने के बाद चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
ईडी की जांच में आईपीएस समेत एक दर्जन पुलिसकर्मी रडार पर
पुलिस की कार्रवाई के बाद ईडी ने जांच तेज कर दी है। केस से संबंधित लोगों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। शिकायतकर्ता अधिवक्ता सौरभ भदौरिया के बयान हो चुके हैं। अधिवक्ता ने तीन आईपीएस समेत एक दर्जन पुलिसकर्मियों के बारे में अहम जानकारी दी है।
जय के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू
जय और उसके साथी राहुल सिंह के खिलाफ काकादेव थाने में सचिवालय के फर्जी पास मामले में केस दर्ज किया गया था। राहुल सिंह फरार है। पुलिस ने कुर्की की नोटिस राहुल सिंह के घर चस्पा कर दी है। उधर जय के खिलाफ इस मामले में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है।